
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों ने एक बार फिर सुरक्षाबलों को निशाना बनाया है। दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में बुधवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार दो आतंकियों ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की नाका पार्टी पर अचानक गोलीबारी कर दी। इस हमले में तीन जवान घायल हो गए, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश में अभियान शुरू कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, हमला कुलगाम जिले के आखरन-नौपुरा इलाके में मीर बाजार के पास हुआ। यहां CRPF की 46वीं बटालियन के जवानों ने नाका लगाया हुआ था। बुधवार दोपहर करीब 2:15 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दो हमलावर वहां पहुंचे और जवानों पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हमले के दौरान जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की, लेकिन हमलावर भीड़ का फायदा उठाकर मौके से भागने में कामयाब रहे।
तीन जवान अस्पताल में भर्ती, दो की हालत गंभीर
आतंकी हमले में घायल जवानों की पहचान हेड कांस्टेबल सोमवीर, कांस्टेबल शांतुनु और कांस्टेबल राकेश दास के रूप में हुई है। गोली लगने से एक जवान के पैर, दूसरे के बाजू और तीसरे की पीठ में चोट आई है। तीनों घायलों को उपचार के लिए अनंतनाग के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें दो जवानों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही अतिरिक्त सुरक्षाबल मौके पर पहुंच गए। सेना, CRPF और जम्मू-कश्मीर पुलिस ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इसके साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि हमलावरों की पहचान कर उनके भागने के रास्ते का पता लगाया जा सके।
फिलहाल किसी भी आतंकी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। सुरक्षाबल फरार आतंकियों की तलाश में जुटे हुए हैं और पूरे इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई है।













