17.6 C
New York
Sunday, November 1, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news मसूरी में विंटर लाइन का मनमोहक नजारा, सूर्यास्त के रंगों ने मोहा...

मसूरी में विंटर लाइन का मनमोहक नजारा, सूर्यास्त के रंगों ने मोहा पर्यटकों का मन

1

पहाड़ों की रानी मसूरी में इन दिनों सूर्यास्त के समय आसमान में प्रकृति के अद्भुत रंग देखने को मिल रहे हैं। क्षितिज पर दिखाई देने वाली विंटर लाइन की रंगीन पट्टी पर्यटकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। आसमान में लाल, नारंगी और सुनहरे रंगों की खूबसूरत छटा सैलानियों को मंत्रमुग्ध कर रही है। इस मनमोहक नजारे को देखने के लिए पर्यटक माल रोड समेत विभिन्न स्थानों पर ठहरकर तस्वीरें खींच रहे हैं।

मसूरी की खास पहचान है विंटर लाइन

विंटर लाइन को मसूरी की प्राकृतिक खूबसूरती की खास पहचान माना जाता है। हर साल सर्दियों के मौसम में दिखाई देने वाला यह अद्भुत नजारा शहर की सुंदरता में चार चांद लगा देता है। सूर्यास्त के समय दून घाटी के ऊपर क्षितिज पर रंगों की अनूठी पट्टी उभरती है, जो आसमान को बेहद आकर्षक बना देती है। सामान्यतः नवंबर से फरवरी के बीच दिखाई देने वाली यह प्राकृतिक घटना कुछ ही मिनटों तक रहती है। यही वजह है कि इस नजारे को देखने के लिए पर्यटक खास तौर पर उत्साहित नजर आते हैं।

माल रोड से लालटिब्बा तक दिखती है रंगों की अनूठी छटा

मसूरी में विंटर लाइन का नजारा देखने के लिए माल रोड, लालटिब्बा, गनहिल, विंसेट हिल, सिस्टर बाजार, राधा भवन स्टेट, सर्कुलर रोड, कुलड़ी और शहर के दक्षिणी हिस्से प्रमुख स्थान माने जाते हैं। सूर्यास्त के समय इन जगहों से आसमान में बिखरे रंगों को निहारने के लिए पर्यटक रुकते हैं और इन खूबसूरत पलों को अपने कैमरों में कैद करते हैं।

स्विट्जरलैंड में भी दिखाई देती है विंटर लाइन

विंटर लाइन की यह दुर्लभ प्राकृतिक छटा दुनिया के चुनिंदा स्थानों पर देखने को मिलती है। मसूरी के अलावा स्विट्जरलैंड में भी इस तरह का नजारा दिखाई देता है। सर्दियों के मौसम में आसमान पर उभरने वाली रंगीन पट्टी प्रकृति के अनूठे सौंदर्य का एहसास कराती है। यही कारण है कि विंटर लाइन मसूरी आने वाले पर्यटकों के लिए आकर्षण का एक खास केंद्र बनी रहती है।