17.6 C
New York
Wednesday, November 4, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news बेस्ट सीएम सर्वे 2026 में सीएम धामी को देशभर में दूसरा स्थान

बेस्ट सीएम सर्वे 2026 में सीएम धामी को देशभर में दूसरा स्थान

1

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल की है। फेम इंडिया मैगजीन और एशिया पोस्ट की ओर से जारी ‘बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026’ में मुख्यमंत्री धामी को देशभर के मुख्यमंत्रियों की सूची में दूसरा स्थान मिला है। सर्वे में उन्हें 1000 में से 881 अंक प्राप्त हुए हैं।

इस सूची में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 897 अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे, जबकि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा 874 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। इस सर्वे में देश के 15 मुख्यमंत्रियों को शामिल किया गया था।

10 प्रमुख मानकों पर किया गया मूल्यांकन

सर्वे के दौरान मुख्यमंत्रियों का मूल्यांकन 10 प्रमुख मानकों के आधार पर किया गया। इनमें सुशासन, कानून-व्यवस्था, व्यक्तित्व, छवि, कार्यक्षमता, प्रभाव, विभागों की समझ, लोकप्रियता, दूरदर्शिता तथा कार्यशैली और परिणाम जैसे पहलू शामिल रहे।

आयोजकों के मुताबिक, सर्वे की प्रक्रिया करीब तीन से चार महीने तक चली। इसमें सोशल मीडिया और पारंपरिक मीडिया में सामने आई प्रतिक्रियाओं, विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों की राय और आम नागरिकों से सीधे संवाद को आधार बनाया गया।

विकास कार्यों और बड़े फैसलों की भी चर्चा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में धार्मिक पर्यटन, बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा और खेल के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों को इस उपलब्धि से जोड़कर देखा जा रहा है। राज्य सरकार के प्रमुख फैसलों में समान नागरिक संहिता, सख्त धर्मांतरण कानून और नकल विरोधी कानून भी शामिल हैं।

महेंद्र भट्ट ने दी मुख्यमंत्री को बधाई

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को इस उपलब्धि पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उत्तराखंड की जनता के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार, यह उपलब्धि राज्य सरकार की निर्णय क्षमता और प्रशासनिक कार्यशैली को राष्ट्रीय स्तर पर मिली स्वीकार्यता को दर्शाती है।

बेस्ट चीफ मिनिस्टर सर्वे 2026 में मुख्यमंत्री धामी का दूसरा स्थान हासिल करना उत्तराखंड के राजनीतिक और प्रशासनिक परिदृश्य के लिहाज से भी चर्चा का विषय बना हुआ है।