
नेपाल के माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में मंगलवार सुबह बड़ा हादसा हो गया। सोलुखुम्बु जिले के फेरीचे हेलीपैड पर लैंडिंग की तैयारी कर रहे दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। इस हादसे में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई, जबकि न्यूजीलैंड के एक नागरिक समेत कई लोग घायल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, दुर्घटनाग्रस्त हेलीकॉप्टर फिशटेल एयर और एयर डायनेस्टी के थे। दोनों हेलीकॉप्टर हेलीपैड पर उतरने की तैयारी कर रहे थे, इसी दौरान उनके बीच टक्कर हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
बचाव अभियान चलाकर घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को बाहर निकाला गया और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, फिशटेल एयर के हेलीकॉप्टर में सवार एक यात्री की हादसे में मौत हुई, जबकि एक पायलट घायल हो गया। दूसरे हेलीकॉप्टर में सवार लोगों की स्थिति और उनकी पहचान को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे की जांच में जुटा नेपाल प्रशासन
माउंट एवरेस्ट क्षेत्र में पर्यटकों और पर्वतारोहियों की आवाजाही के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं का बड़े पैमाने पर इस्तेमाल किया जाता है। हालांकि, इस क्षेत्र में मौसम की अनिश्चितता और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण हवाई संचालन काफी चुनौतीपूर्ण रहता है।
फिलहाल नेपाल प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर लैंडिंग के दौरान दोनों हेलीकॉप्टरों की टक्कर को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है। हालांकि, वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। प्रशासन मृतक और घायलों की पहचान सहित हादसे से जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटा रहा है।













