
देहरादून में आयोजित उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव इन दिनों लोगों के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। त्योहारी सीजन के बीच महोत्सव में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं। यहां लगे विभिन्न स्टॉलों पर उत्तराखंड के स्थानीय उत्पादों, पारंपरिक खाद्य सामग्री और हस्तशिल्प की खूब मांग देखने को मिल रही है। लोगों की बढ़ती भीड़ और उत्साह को देखते हुए आयोजकों ने महोत्सव की अवधि भी बढ़ा दी है।
पहाड़ी उत्पादों और हस्तशिल्प की बढ़ी मांग
महोत्सव में पहाड़ के पारंपरिक उत्पादों को विशेष रूप से पसंद किया जा रहा है। यहां मोटे अनाज, पारंपरिक खाद्य सामग्री, हस्तशिल्प, हथकरघा और स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों के स्टॉल लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। इसके साथ ही कश्मीरी शॉल-सूट, जयपुरी चूरन, खुर्जा की क्रॉकरी, भदोही के कालीन, आभूषण और खेल सामग्री भी खरीदारी के लिए उपलब्ध हैं।
स्थानीय उत्पादों की अच्छी मांग से छोटे व्यापारियों, उद्यमियों और महिला स्वयं सहायता समूहों में उत्साह का माहौल है। महोत्सव के माध्यम से उन्हें अपने उत्पाद सीधे ग्राहकों तक पहुंचाने और नए बाजार से जुड़ने का अवसर मिल रहा है।
15 नवंबर तक चलेगा ट्रेड महोत्सव
महोत्सव के आयोजक सुनील रावत के अनुसार, लोगों की लगातार बढ़ती भागीदारी और मिल रहे सकारात्मक प्रतिसाद को देखते हुए आयोजन की अवधि बढ़ाकर 15 नवंबर कर दी गई है। पहले महोत्सव को निर्धारित समय तक ही आयोजित करने की योजना थी, लेकिन लोगों के उत्साह को देखते हुए इसे आगे बढ़ाने का निर्णय लिया गया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी बनीं आकर्षण
खरीदारी के साथ-साथ महोत्सव में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं। प्रतिदिन होने वाली सांस्कृतिक संध्याओं में लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के जरिए उत्तराखंड की लोककला और संस्कृति को बढ़ावा दिया जा रहा है। इन कार्यक्रमों में बच्चों और स्थानीय कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है।
आयोजकों का कहना है कि उत्तराखंड ट्रेड महोत्सव का मुख्य उद्देश्य स्थानीय व्यापारियों, छोटे उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है। इस तरह के आयोजनों से स्थानीय उत्पादों को नई पहचान मिलने के साथ ही स्वरोजगार और महिला उद्यमिता को भी बढ़ावा मिलता है।













