मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह ने खड़े किए कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व पर सवाल,कहा सर्कस बन चुकी है कांग्रेस पार्टी

0
शनिवार को दिल्ली में हुई कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक के मध्यप्रदेश के सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पार्टी को सर्कस करार देते हुए निशाना साधा है। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के नेतृत्व पर सवालिया निशान उठाते हुए कहा कि पार्टी की स्थिति किसी सर्कस की तरह हो गई है।

सीएम शिवराज सिंह ने राज्य के खंडवा संसदीय उपचुनाव के लिए संसदीय क्षेत्र के अधीन आने वाले बुरहानपुर के चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि आज राजधानी दिल्ली में विपक्षी दल कांग्रेस की कार्यसमिति की बैठक चल रही है। ये एक ऐसा दल है जिसके अध्यक्ष का पता नहीं है।
कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व को घेरते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि, श्रीमती सोनिया गांधी कार्यकारी अध्यक्ष हैं। पार्टी में एक ‘जी 23’ ग्रुप अलग चल रहा है।
शिवराज सिंह ने कांग्रेस पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर वार करते हुए कहा कि राहुल गांधी कहते हैं कि वे कुछ नहीं है लेकिन जब पंजाब के मुख्यमंत्री को हटाने का फैसला लेना होता है तो वो फैसला ले लेते हैं। ये सब एक तरह से सर्कस सा लगता है।
छत्तीसगढ़ कांग्रेस को भी निशाने पर लेते हुए शिवराज सिंह ने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में ‘फिफ्टी-फिफ्टी’ चल रहा है। वहीं मध्यप्रदेश में तो कांग्रेस पार्टी कमलनाथ तक सिमट चुकी है। प्रदेश कांग्रेस में अपने लोगों को ही निपटाने का काम किया जा रहा है।