17.6 C
New York
Tuesday, November 17, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news दो दिवसीय दौरे पर मनीला पहुंचे पीएम मोदी, आसियान और क्वाड शिखर...

दो दिवसीय दौरे पर मनीला पहुंचे पीएम मोदी, आसियान और क्वाड शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल

1

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस की राजधानी मनीला पहुंच गए। इस यात्रा के दौरान वह 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। इसके अलावा प्रधानमंत्री मोदी क्वाड देशों के नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक में भी शामिल होंगे। इस बैठक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची और ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीजी भी हिस्सा लेंगे।

प्रधानमंत्री की इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य हिंद-प्रशांत क्षेत्र में समुद्री सुरक्षा, क्षेत्रीय स्थिरता, व्यापार और रणनीतिक सहयोग को मजबूत करना है। फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के निमंत्रण पर मनीला पहुंचे पीएम मोदी मंगलवार को भारत-आसियान शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। इसके बाद वह ईस्ट एशिया सम्मेलन के शुरुआती सत्र को संबोधित करेंगे। यात्रा के दौरान कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय मुलाकातें भी प्रस्तावित हैं।

आसियान देशों के साथ संबंध भारत की एक्ट ईस्ट नीति का अहम हिस्सा

मनीला रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आसियान देशों के साथ भारत के संबंध उसकी एक्ट ईस्ट नीति के केंद्र में हैं। भारत के महासागर दृष्टिकोण में भी आसियान की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि भारत और आसियान के बीच सदियों पुराने सभ्यतागत संबंध रहे हैं, जो आज व्यापार, संपर्क, समुद्री सुरक्षा, प्रौद्योगिकी और लोगों के आपसी जुड़ाव तक विस्तारित हो चुके हैं।

प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि इस सम्मेलन से भारत और आसियान की व्यापक रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती मिलेगी। साथ ही हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शांति, स्थिरता और समृद्धि को बढ़ावा देने के प्रयासों को भी गति मिलेगी।

दो साल बाद क्वाड नेताओं की अहम बैठक

प्रधानमंत्री मोदी की इस यात्रा में क्वाड शिखर बैठक भी महत्वपूर्ण रहने वाली है। करीब दो साल बाद क्वाड देशों के नेता एक साथ बैठक करेंगे। इससे पहले सितंबर 2024 में अमेरिका के डेलावेयर में क्वाड नेताओं की बैठक आयोजित हुई थी।

इस बार की बैठक में समुद्री सुरक्षा, स्वतंत्र और खुले समुद्री मार्ग, महत्वपूर्ण खनिजों तथा आपूर्ति शृंखला को मजबूत बनाने जैसे मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। क्वाड में भारत, अमेरिका, जापान और ऑस्ट्रेलिया शामिल हैं। हिंद-प्रशांत क्षेत्र में चीन के बढ़ते प्रभाव के बीच इस समूह का रणनीतिक महत्व लगातार बढ़ा है।

11 सदस्य देशों वाला संगठन है आसियान

आसियान की स्थापना वर्ष 1967 में हुई थी। वर्तमान में इस संगठन में 11 सदस्य देश शामिल हैं। इनमें फिलीपींस, इंडोनेशिया, मलेशिया, सिंगापुर, थाईलैंड, वियतनाम, कंबोडिया, लाओस, म्यांमार, ब्रुनेई और तिमोर-लेस्ते शामिल हैं। इस वर्ष आयोजित सम्मेलन की थीम ‘नेविगेटिंग द फ्यूचर’ रखी गई है।

मनीला पहुंचने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर की ओर से आयोजित रात्रिभोज में भी हिस्सा लिया। माना जा रहा है कि यह यात्रा दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों के साथ भारत के आर्थिक, कूटनीतिक और रणनीतिक संबंधों को और मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।