
छठ महापर्व के लिए विशेष पहचान रखने वाले बिहार में भी सुबह से ही उत्साह और आस्था का माहौल देखने को मिला। राजधानी पटना में गंगा नदी के विभिन्न घाटों पर बड़ी संख्या में व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे। गया के प्राचीन सूर्यकुंड में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। इसके अलावा मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, मधेपुरा, रोहतास और लखीसराय समेत कई जिलों में छठ पूजा के समापन पर विशेष आयोजन किए गए।
उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड तक छठ की धूम
उत्तर प्रदेश में भी छठ महापर्व को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। वाराणसी के गंगा घाटों से लेकर अयोध्या में सरयू नदी के किनारे तक बड़ी संख्या में लोग पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। सहारनपुर में महिलाओं ने पारंपरिक तरीके से पूजा की, जबकि हरिद्वार में बिहार और पूर्वांचल से आए लोगों ने श्रद्धा और उल्लास के साथ छठ पर्व मनाया।
उत्तराखंड के जोशीमठ में ठंड और बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ। गांधी मैदान में लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भगवान सूर्य को अर्घ्य दिया। वहीं, राजस्थान के उदयपुर और पाली तथा महाराष्ट्र के जालना समेत देश के अन्य हिस्सों में भी छठ महापर्व की रौनक देखने को मिली।
13 नवंबर को नहाय-खाय से हुई थी शुरुआत
चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत 13 नवंबर को नहाय-खाय के साथ हुई थी। दूसरे दिन 14 नवंबर को व्रतियों ने खरना किया और इसके बाद करीब 36 घंटे का निर्जला उपवास शुरू हुआ। तीसरे दिन रविवार शाम को डूबते सूर्य को पहला अर्घ्य दिया गया। वहीं, सोमवार सुबह उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही महापर्व का समापन हो गया।
छठ पर्व में भगवान सूर्य और छठी मैया की उपासना की जाती है। इस दौरान व्रती कठिन नियमों और संयम का पालन करते हुए परिवार की सुख-शांति, संतान की दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हैं। यह महापर्व प्रकृति, स्वच्छता, अनुशासन और लोक परंपराओं के प्रति आस्था का भी प्रतीक माना जाता है।













