
उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा सरकार को घेरने के लिए पार्टी ने चुनावी रोडमैप तैयार किया है। भ्रष्टाचार, महंगाई, बेरोजगारी, महिला अपराध और सरकार की नीतियों को प्रमुख मुद्दा बनाकर कांग्रेस प्रदेशभर में प्रचार अभियान चलाएगी। इसके लिए विधानसभा क्षेत्रों को अलग-अलग जोन में बांटकर वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आगामी 2 दिसंबर को हरिद्वार में प्रदेश, जिला और ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों का सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
रविवार को कांग्रेस भवन में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति और संगठनात्मक कार्यक्रमों पर चर्चा की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और पार्टी की नीतियों को आम जनता तक पहुंचाने पर जोर दिया गया।
कांग्रेस बेरोजगारी, महंगाई, भ्रष्टाचार, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों और मजदूरों की समस्याओं, पलायन, बदहाल स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्था तथा प्रदेश की परिसंपत्तियों और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार को घेरने की तैयारी में है। इसके लिए प्रदेशभर में जनसंवाद, जनजागरण, हस्ताक्षर अभियान और आंदोलनात्मक कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
कुमारी सैलजा ने बैठक में नेताओं से प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन की गतिविधियों का फीडबैक लिया। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों को आपसी समन्वय और एकजुटता के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, प्रदेश सह प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
राहुल गांधी, प्रियंका और खरगे की रैलियों की तैयारी
बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस के शीर्ष नेताओं राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की उत्तराखंड के अलग-अलग क्षेत्रों में रैलियां कराने पर भी चर्चा हुई। प्रदेश कांग्रेस की ओर से राष्ट्रीय नेतृत्व को गढ़वाल, कुमाऊं और हरिद्वार में बड़ी रैलियां आयोजित करने का प्रस्ताव भेजा गया है। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस रैली कराने के लिए तैयार है। राष्ट्रीय नेताओं से समय मिलने के बाद बड़ी चुनावी रैली आयोजित की जाएगी।
हरीश रावत और यशपाल आर्य ने बुके देकर किया स्वागत
बैठक के दौरान नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के बीच मुलाकात भी चर्चा में रही। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे का स्वागत माला के बजाय बुके देकर किया और गले मिलकर आपसी एकजुटता का संदेश दिया। इससे पहले बागेश्वर में पार्टी के एक कार्यक्रम के दौरान मंच पर दोनों नेताओं के बीच एक-दूसरे को माला पहनाने को लेकर खींचतान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस बार दोनों नेताओं के बदले अंदाज को पार्टी के भीतर एकजुटता दिखाने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।













