
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा है कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत को बदनाम करने से सत्ता हासिल नहीं होगी। अगर राहुल गांधी सत्ता में आना चाहते हैं तो उन्हें विदेश यात्राएं छोड़कर देश के गांवों में जाना चाहिए और जनता के बीच काम करना चाहिए। अमित शाह ने ये बातें पुणे में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कहीं।
शाह ने हैदराबाद में आयोजित कांग्रेस की भारत समिट 2026 का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस सम्मेलन में वामपंथी विचारधारा के प्रचारकों को आमंत्रित किया था। उन्होंने कहा कि सम्मेलन का नाम भारत समिट रखा गया, लेकिन राहुल गांधी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत विरोधी विचार रखकर देश की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। शाह ने राहुल गांधी के बयानों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि पूरी दुनिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की प्रशंसा कर रही है, जबकि राहुल गांधी भारत की विकास यात्रा और लोकतंत्र को लेकर अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सवाल उठा रहे हैं।
अमित शाह ने कांग्रेस की लगातार चुनावी हार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि पार्टी अलग-अलग तरीकों से अपनी हार की निराशा जाहिर कर रही है। उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव में हार और जीत नेताओं के प्रदर्शन पर निर्भर करती है। कांग्रेस को भी आत्ममंथन करना चाहिए कि जनता ने उसे सत्ता से बाहर क्यों किया।













