सपा गठबंधन में शामिल अपना दल कमेरावादी और कांग्रेस को बड़ा झटका, प्रदेश अध्यक्ष राजवन सिंह पटेल के साथ कई नेता भाजपा में शामिल

0

उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 में समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन करने वाले अपना दल कमेरावादी को मंगलवार को बड़ा झटका लगा है। अपना दल के प्रदेश अध्यक्ष अपने समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए हैं। इनके साथ ही पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी की सुरक्षा में तैनात रहे बहराइच के कांग्रेस के पूर्व सांसद कमल किशोर कमांडो की पुत्रवधू प्रियंका किशोर के साथ तमाम नेताओं जनता पार्टी से विधायक रहे अशफाक तथा राजेश तिवारी व शिखा मिश्र ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। इन सभी ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत दिलाने का भी संकल्प लिया है।

भारतीय जनता पार्टी उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष भाजपा ज्वाइनिंग कमेटी के प्रमुख डा लक्ष्मीकांत बाजपेयी के साथ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने मंगलवार को अपना दल कमेरावादी के प्रदेश अध्यक्ष राजवन सिंह पटेल को लखनऊ में भाजपा के प्रदेश मुख्यालय में भाजपा की सदस्यता दी। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने कहा भाजपा 300 से ज्यादा सीटें जीतकर फिर से सरकार बनाने जा रही है।

प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सभी का स्वागत करते हुए कहा कि हम प्रचंड बहुमत के साथ यूपी में फिर से सरकार बनाने जा रहे हैं। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि पहले दो चरणों के मतदान के बाद उत्तर प्रदेश में तस्वीर साफ हो गई है। भाजपा प्रचंड बहुमत से सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है। स्वतंत्र देव ने कहा कि यूपी की जनता का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊपर भरोसा कायम है। जनता अब फिर से गुंडे-माफियाओं की सरकार नहीं चाहती है। जनता विकास और कानून का राज चाहती है। उन्होंने कहा कि पहले दो चरण के चुनाव में ये दोनों बातें स्पष्ट हो गई हैं।