
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा आज उत्तराखंड दौरे पर पहुँचे। देहरादून स्थित जौलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट और पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस बार उनका दौरा खासतौर पर सीमांत जनपद पिथौरागढ़ में चल रही वाइब्रेंट विलेज योजना की प्रगति की समीक्षा और वहां की जमीनी हकीकत का आकलन करने के उद्देश्य से हो रहा है। एयरपोर्ट पर नड्डा को योजना के तहत प्रस्तावित कार्यों का एक विस्तृत प्रस्तुतिकरण भी दिखाया गया। जेपी नड्डा गुंजी गांव में रात्रि प्रवास करेंगे। यह गांव भारत-चीन सीमा के बेहद नजदीक स्थित है और वाइब्रेंट विलेज योजना के तहत चयनित प्रमुख गांवों में से एक है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने जानकारी दी कि नड्डा गुंजी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करेंगे और वहां चल रहे स्वास्थ्य व विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके अलावा वे ज्योलिंगकोंग से आदि कैलाश के दर्शन भी करेंगे।
उनका यह दौरा केवल प्रशासनिक नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता पर भी आधारित है। नड्डा महिला फेडरेशन द्वारा संचालित होम स्टे का भी भ्रमण करेंगे, जिससे सीमावर्ती क्षेत्रों की मातृ शक्ति को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को बल मिलेगा।
महेंद्र भट्ट ने कहा, “यह हम सबके लिए गौरव की बात है कि सीमांत क्षेत्रों के विकास के लिए चलाई जा रही प्रधानमंत्री मोदी की वाइब्रेंट विलेज योजना का सबसे अधिक लाभ देवभूमि उत्तराखंड को मिल रहा है। जेपी नड्डा जी का यह दौरा इन क्षेत्रों के विकास को नई दिशा और ऊर्जा देगा।”
जेपी नड्डा अगले दिन गुंजी से देहरादून होते हुए दिल्ली लौटेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के बाद केंद्र सरकार वाइब्रेंट विलेज योजना के कार्यों को और तेज़ गति देने पर बल दे सकती है।