17.6 C
New York
Thursday, May 7, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news डोनाल्ड ट्रंपकी ईरान को खुली चेतावनी – परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे,...

डोनाल्ड ट्रंपकी ईरान को खुली चेतावनी – परमाणु हथियार नहीं बनाने देंगे, जरूरत पड़ी तो खत्म कर देंगे

3

डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान और पश्चिम एशिया के बढ़ते तनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। ट्रंप ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि अमेरिका किसी भी कीमत पर ईरान को परमाणु हथियार विकसित नहीं करने देगा। उन्होंने कहा, हम उन्हें खत्म कर देंगे, और दावा किया कि मौजूदा स्थिति पूरी तरह अमेरिकी नियंत्रण में है।

ट्रंप ने अमेरिकी नौसेना की कार्रवाई की जमकर सराहना करते हुए उसे “स्टील की दीवार” बताया। उनके अनुसार, अमेरिकी बलों ने ऐसी मजबूत घेराबंदी कर रखी है कि वहां से कोई भी गतिविधि आसानी से नहीं हो पा रही है। उन्होंने दावा किया कि इस वजह से ईरान का कामकाज बुरी तरह प्रभावित हुआ है और उसे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है।

अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी कहा कि ईरान अब समझौते के लिए बेहद बेचैन है। ट्रंप के मुताबिक, आने वाले समय में यह देखना होगा कि क्या ईरान ऐसा समझौता करने को तैयार होता है जो अमेरिका को स्वीकार्य हो। उन्होंने भरोसा जताया कि अगर अभी सहमति नहीं बनती है, तो बहुत जल्द ईरान को अमेरिकी शर्तें माननी पड़ सकती हैं।

ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता काफी कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि ईरान के पास अब न पर्याप्त विमान बचे हैं, न प्रभावी रडार और न ही मजबूत एंटी-एयरक्राफ्ट सिस्टम। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान की मिसाइल क्षमता को गंभीर नुकसान पहुंचा है।

इसके साथ ही ट्रंप ने दावा किया कि पिछले 44 घंटों में सकारात्मक बातचीत हुई है और जल्द ही किसी बड़े समझौते की संभावना बन सकती है। हालांकि, उनके इन दावों और बयानों पर अभी तक ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।