
उत्तराखंड के विश्व प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मंदिर के गर्भगृह के भीतर वीडियो रिकॉर्डिंग करने के आरोप में मुंबई से आए एक पर्यटक को सुरक्षा कर्मियों ने पकड़ लिया। घटना के बाद मंदिर प्रशासन ने पर्यटक का मोबाइल फोन जब्त कर पुलिस को सौंप दिया है और उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, दर्शन के दौरान पर्यटक ने प्रतिबंध के बावजूद मोबाइल फोन से गर्भगृह के भीतर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मियों और मंदिर कर्मचारियों की नजर पड़ते ही उसे तत्काल रोक लिया गया। पूछताछ के बाद उसका मोबाइल फोन जब्त कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस के हवाले कर दिया गया।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि बदरीनाथ मंदिर के गर्भगृह में मोबाइल फोन से फोटो खींचना या वीडियो रिकॉर्डिंग करना पूरी तरह प्रतिबंधित है। समिति ने श्रद्धालुओं से मंदिर की धार्मिक परंपराओं, सुरक्षा नियमों और आस्था की मर्यादा का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
चारधाम यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंच रहे हैं। इसे देखते हुए मंदिर प्रशासन और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और अधिक सख्त कर दिया है। अधिकारियों ने श्रद्धालुओं से दर्शन के दौरान अनुशासन बनाए रखने और किसी भी प्रकार की फोटोग्राफी या वीडियो रिकॉर्डिंग से बचने की अपील की है, ताकि मंदिर की गरिमा, धार्मिक परंपराएं और सुरक्षा व्यवस्था बनी रहे।













