मुलायम के गढ़ मैनपुरी में बड़ी कार्रवाई, सपा कार्यालय पर चला बुलडोजर

0

मुलायम यादव के गढ़ मैनपुरी में एक फिर बुलडोजर गरजा। सपा के नगर कार्यालय को खाली कराने के बाद जिला पंचायत ने कार्यालय की बिल्डिंग पर बुलडोजर चलवा दिया। बुलडोजर चलने के बाद सपा कार्यालय मलबे में तब्दील हो गया। इसके लिए 10 दिन पहले ही मलबा नीलामी की कार्रवाई कराई गई और 7 दिन में मलबा हटाने के निर्देश दिए गए थे। इस स्थल पर जिला पंचायत शहरवासियों के लिए बड़ा बहुउद्देशीय मॉल तैयार कराएगी। इसके लिए सरकार के यहां पंजीकृत 18 नामी कंपनियों की मदद ली जा रही है।

बीते 9 सितंबर को जिला पंचायत ने सपा जिलाध्यक्ष को नगर कार्यालय खाली करने के लिए नोटिस दिया था। इसके बाद 3 दिन का समय देकर कार्यालय खाली करने के लिए कहा गया। कार्यालय खाली नहीं हुआ तो भारी पुलिस बल की मौजूदगी में प्रशासनिक अधिकारियों ने 12 सितंबर को नगर कार्यालय खाली करवा लिया। जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का कहना है की कार्यालय खाली होने के बाद नीलामी की कार्रवाई की गई।

इसी के तहत गुरुवार को नगर कार्यालय परिसर में खड़े भवनों को गिराया गया। इस स्थल पर जिला पंचायत शहरवासियों के लिए बड़ा बहुउद्देशीय मॉल तैयार कराएगी। इसके लिए सरकार के यहां पंजीकृत 18 नामी कंपनियों की मदद ली जा रही है। मलबा की सफाई होने के बाद यह कंपनियां सर्वे करेंगी और नक्शा तैयार किया जाएगा। इसके बाद निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।

इस संबंध में सपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष देवेंद्र सिंह यादव का कहना है कि जिला पंचायत ने 99 साल का पट्टा दिया था। अगस्त 2022 तक का पार्टी ने किराया भी जमा किया है। इस मामले को लेकर पार्टी ने हाईकोर्ट में एक रिट भी दायर की है।