17.6 C
New York
Wednesday, September 9, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news केदारनाथ हेली सेवा के सभी 9 हजार टिकट बुक, 30 सितंबर तक...

केदारनाथ हेली सेवा के सभी 9 हजार टिकट बुक, 30 सितंबर तक फुल हुई बुकिंग

2

केदारनाथ धाम की यात्रा के लिए 15 सितंबर से शुरू होने वाली हेली सेवा को लेकर यात्रियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। 15 से 30 सितंबर तक की हेली सेवा के सभी 9 हजार टिकट बुक हो चुके हैं। ऑनलाइन बुकिंग शुरू होने के कुछ ही समय में सभी टिकट बुक हो गए।

केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवा शुरू करने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। हेली सेवा संचालन को लेकर डीजीसीए की टीम रुद्रप्रयाग जिले के सिरसी, फाटा और गुप्तकाशी में बनाए गए हेलीपैड का निरीक्षण भी कर चुकी है। उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण (यूकाडा) ने सोमवार से हेली टिकटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू की थी। मंगलवार सुबह तक 15 से 30 सितंबर तक के सभी टिकट बुक हो गए।

यूकाडा के सीईओ प्रतीक जैन ने बताया कि 30 सितंबर के बाद की हेली सेवा के टिकटों की बुकिंग की तारीख जल्द घोषित की जाएगी। नई तारीख की घोषणा होने के बाद यात्री ऑनलाइन टिकट बुक कर सकेंगे। केदारनाथ धाम जाने वाले यात्रियों के बीच हेली सेवा की बढ़ती मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में भी टिकटों की बुकिंग तेजी से होने की उम्मीद है।