गाय को मिलना चाहिए राष्ट्रीय पशु का दर्जा, इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मोदी सरकार के सामने रखा सुझाव

3

इलाहाबाद- उत्तर प्रदेश के इलाहाबाद हाई कोर्ट ने एक मार्च, बीते बुधवार को केंद्र सरकार को गायों के संरक्षण को लेकर एक बड़ा सुझाव दिया। इलाहाबाद हाई कोर्ट के जस्टिस शेखर कुमार यादव ने एक केस की सुनवाई करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्रीय पशु का दर्जा दिया जाना चाहिए, इससे गायों को गोकशी जैसे मामलों से बचाया जा सकता है। इसके अलावा हाई कोर्ट ने मोदी सरकार को गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने का सुझाव देते हुए आगे कहा कि गाय को मां का दर्जा दिया जाता है। कोर्ट ने आगे कहा कि गाय हमारी संस्कृति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है।

‘मध्यकालीन शासकों ने भी गाय को संस्कृति का महत्तवपूर्ण हिस्सा माना’

इसके अलावा भी हाई कोर्ट ने गायों की विशेषता का जिक्र करते हुए काफी बातें कहीं। इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मध्यकालीन शासकों अकबर, बाबर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहले के मुसलमान शासक भी गाय को हमारी संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा मानते थे।

गोकशी के एक केस की हो रही थी सुनवाई

दरअसल इलाहाबाद हाई कोर्ट में गोकशी के आरोप में ही एक शख्स की याचिका की सुनवाई चल रही थी। इसी सुनवाई के समय आरोपी शख्स की याचिका खारिज करते हुए जस्टिस शेखर कुमार यादव ने ये बात कही। आपको बता दें कुछ दिनों पहले यूपी के संभल जिले से एक शख्स को गोकशी के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। इसी केस की सुनवाई के समय जस्टिस शेखर कुमार यादव ने केंद्र सरकार के सामने ये सुझाव रखा।