
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका संबंधों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा करते हुए व्यापार, रक्षा, ऊर्जा और महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत को सार्थक बताया। उन्होंने कहा कि दोनों देशों की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति बनी है। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े अन्य क्षेत्रों में सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर भी विचार किया।
क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर भी चर्चा
बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों को लेकर भी दोनों नेताओं ने विचारों का आदान-प्रदान किया। वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर चर्चा के साथ दोनों ने भविष्य में भी संपर्क बनाए रखने पर सहमति जताई।
व्यापार वार्ता के बीच हुई बातचीत
मोदी और ट्रंप के बीच यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत जारी है। भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए अमेरिका के दौरे पर हैं।
दोनों नेताओं के बीच इस वर्ष पहले भी कई बार फोन पर बातचीत हो चुकी है। ताजा वार्ता में भारत-अमेरिका के रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को जारी रखने पर जोर दिया गया।











