17.6 C
New York
Wednesday, February 25, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home राज्य उत्तराखंड केंद्रीय बजट युवाओं की शक्ति को सशक्त करने वाला : मुख्यमंत्री पुष्कर...

केंद्रीय बजट युवाओं की शक्ति को सशक्त करने वाला : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी

6
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय बजट को ‘विकसित भारत’ के निर्माण में युवा शक्ति की भूमिका को मजबूत करने वाला बताया है। उन्होंने जनकल्याणकारी बजट पेश करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का प्रदेशवासियों की ओर से आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह बजट उत्तराखंड के लिए पर्यटन, महिला सशक्तिकरण, बागवानी, सेमीकंडक्टर और रोजगार सृजन जैसे अहम क्षेत्रों में नई संभावनाएं लेकर आया है।
विकसित भारत की दिशा में अहम कदम

मुख्यमंत्री धामी ने बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में एक और मजबूत कदम है। प्रधानमंत्री मोदी के निर्देशों के अनुरूप बजट में ‘युवा भारत’ के युवाओं को अधिक सशक्त बनाने के उपायों को प्रमुखता दी गई है। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति पर केंद्रित यह बजट देश के विकास, रोजगार सृजन और नवाचार आधारित उद्योगों को मजबूती देगा।

महिलाओं और युवाओं के लिए नई घोषणाएं

सीएम धामी ने बताया कि बजट में महिलाओं और युवाओं के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गई हैं। प्रत्येक जिले में गर्ल्स हॉस्टल निर्माण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के विशेषज्ञ तैयार करने के लिए 15 हजार स्कूलों और 500 कॉलेजों में लैब स्थापित करने तथा 500 अमृत सरोवर के निर्माण जैसी योजनाएं इसमें शामिल हैं। उन्होंने कहा कि इससे शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

उत्तराखंड के लिए पर्यटन और कनेक्टिविटी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था में पर्यटन की महत्वपूर्ण भूमिका है। ऐसे में इको-टूरिज्म के तहत पर्वतीय ट्रेल की घोषणा राज्य के लिए गेम चेंजर साबित हो सकती है। इसके साथ ही क्षेत्रीय हवाई संपर्क बढ़ाने के लिए 120 नए गंतव्यों को जोड़ने की घोषणा से प्रदेश को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा।

सेमीकंडक्टर, हेल्थकेयर और उद्योगों को बढ़ावा

धामी ने कहा कि बजट में ज्ञान, तकनीक और नवाचार के जरिए हेल्थकेयर डिजिटल इकोसिस्टम को मजबूत करने का एलान किया गया है, जो उत्तराखंड के लिए लाभकारी होगा। सेमीकंडक्टर 2.0 के लॉन्च से राज्य में इस क्षेत्र की संभावनाएं और बढ़ेंगी। उन्होंने बताया कि टियर-2 और टियर-3 शहरों को विशेष ध्यान देने वाली योजनाओं का लाभ उत्तराखंड के शहरों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

महिला सशक्तिकरण और बागवानी को मजबूती

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘लखपति दीदी’ कार्यक्रम में उत्तराखंड पहले ही अग्रणी भूमिका निभा रहा है। अब सेल्फ-हेल्प एंटरप्रेन्योर मार्ट्स की घोषणा से मातृशक्ति को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। इसके अलावा पर्वतीय क्षेत्रों के अखरोट, बादाम और चिलगोजा जैसे बागवानी उत्पादों को प्रमोट करने की योजनाओं से राज्य के किसानों को लाभ मिलेगा।

MSME और रोजगार के लिए बड़ा अवसर

धामी ने बताया कि 10 हजार करोड़ रुपये के SME ग्रोथ फंड की घोषणा से छोटे और मध्यम उद्यमों को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार सृजन को गति मिलेगी। साथ ही एनआरएलएम, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, पीएम श्री, प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना, एनएचएम और स्वच्छ भारत मिशन (अर्बन) जैसी योजनाओं में वृद्धि से उत्तराखंड को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा।

प्रेस वार्ता के दौरान विधायक बंशीधर भगत, डॉ. मोहन बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट, प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष साकेत अग्रवाल और प्रदेश मीडिया प्रभारी मनवीर चौहान मौजूद रहे।