एशिया पावर इंडेक्स में भारत की तीसरी रैंकिंग का श्रेय पीएम मोदी के नेतृत्व को – केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी

1

केंद्रीय मंत्री व भाजपा नेता हरदीप सिंह पुरी ने एशिया पावर इंडेक्स में भारत की बढ़त का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और वैश्विक रणनीति को दिया है। सिडनी स्थित लोवी इंस्टीट्यूट के 2024 एशिया पावर इंडेक्स में भारत को दुनिया का तीसरा सबसे शक्तिशाली देश बताया गया है। यह सिर्फ अमेरिका और चीन से पीछे है। पुरी ने कहा, भारत का उदय कोई संयोग नहीं है। यह प्रधानमंत्री मोदी की आक्रामक कूटनीतिक रणनीति और दुनिया में भारत की जगह को नया आकार देने की उनकी साहसिक महत्वाकांक्षाओं का परिणाम है। एशिया पावर इंडेक्स में विभिन्न श्रेणियों में भारत की उल्लेखनीय प्रगति का जिक्र है। इसमें कूटनीतिक प्रभाव प्रमुख है। यह प्रधानमंत्री मोदी की बढ़ती अंतररराष्ट्रीय सक्रियता के कारण बढ़ा है। लोवी इंस्टीट्यूट की रिपोर्ट में भारत की आर्थिक क्षमता, कूटनीतिक गतिविधि और भावी संसाधनों में शानदार वृद्धि का उल्लेख किया गया है। पुरी ने पिछली सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के अनिर्णायक दृष्टिकोण के कारण देश दिशाहीन हो गया था। वे कहते थे कि भारतीय अर्थव्यवस्था 2043 तक तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी, जबकि पीएम मोदी गारंटी दे रहे हैं कि यह उनके तीसरे कार्यकाल में ही होगा।

आईएमएफ ने भी हाल ही में इसकी भविष्यवाणी की है। राजग के अहम सहयोगी टीडीपी के मुखिया व आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि पीएम मोदी ने वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति को मजबूत किया है। वे निस्संदेह एक बड़े विश्व नेता के रूप में उभरे हैं, जो समुदायों और देशों को एक साथ लाते हैं। हम ऐसे राजनेता के नेतृत्व में काम करने के लिए भाग्यशाली हैं। जदयू प्रमुख व बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा, पदोनों देशों के बीच निवेश बढ़ाने को लेकर लिए गए निर्णय स्वागत योग्य हैं। इनसे अत्याधुनिक तकनीकी क्षेत्रों में निवेश बढ़ेगा और विकास के नए रास्ते खुलेंगे। इस यात्रा के दूरगामी एवं सकारात्मक प्रभाव होंगे, इसके लिए पीएम मोदी को बधाई। बिहार के लोग इन घोषणाओं और उनसे उत्पन्न होने वाले नये अवसरों से उत्साहित हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, प्रधानमंत्री मोदी की अमेरिका यात्रा ने एक बार फिर दिखा दिया है कि वे एक वैश्विक राजनेता और ट्रेंडसेटर क्यों हैं। एक छोटी सी यात्रा में, वे कई क्षेत्रों को कवर करने में सक्षम रहे हैं, जो भारत की प्रगति की यात्रा को मजबूत करेगा।