17.6 C
New York
Thursday, October 22, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home desh जेल में पड़ा छापा तो कैदी ने निगल लिया मोबाइल!

जेल में पड़ा छापा तो कैदी ने निगल लिया मोबाइल!

7

कर्नाटक के शिवमोग्गा में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. यहां एक हाई-सिक्योरिटी जेल के अंदर एक मोबाइल फोन मिला है, लेकिन यह बरामदगी किसी बैग, अलमारी या सेल से नहीं, बल्कि एक कैदी के पेट से हुई है. इस हैरान कर देने वाली घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

इस मामले की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं.जानकारी के मुताबिक, जेल में बंद दौलत उर्फ गुंडा (30) नामक कैदी 10 साल की सजा काट रहा है. 24 जून को उसने पेट दर्द की शिकायत की और जेल अधिकारियों को बताया कि उसने कुछ निगल लिया है. इसके बाद जेल प्रशासन ने उसे तुरंत शिवमोग्गा के सरकारी मैकगैन अस्पताल में भर्ती कराया.

वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसका एक्स-रे कराया. रिपोर्ट देखकर हैरान रह गए. डॉक्टरों ने देखा कैदी की आंतों में एक मोबाइल फोन फंसा हुआ था. मेडिकल रिपोर्ट के मुताबिक, यह फोन करीब 1 इंच चौड़ा और 3 इंच लंबा था, जिसे कैदी ने निगल लिया था. मरीज की सहमति के बाद डॉक्टरों ने ऑपरेशन किया और 8 जुलाई को वह फोन बाहर निकाला गया. डॉक्टरों ने मोबाइल फोन को एक सीलबंद लिफाफे में जेल प्रशासन को सौंप दिया है.