उत्तराखंड: नई- सरकार बनते ही समान नागरिक संहिता के लिए गठित करेंगे कमेटी, CM पुष्कर धामी

2

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में डोर-टू-डोर कैंपेन किया। उत्तराखंड चुनाव से पहले खटीमा पहुंचे प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर एस धामी ने कहा है कि उत्तराखंड में जल्द से जल्द समान नागरिक संहिता (UCC) लागू किया जाएगा।

सीएम धामी ने कहा की आगामी नई भाजपा सरकार अपने शपथ ग्रहण के तुरंत बाद न्यायविदों, सेवानिवृत जनों, समाज के प्रबुद्धजनों और अन्य लोगों की एक कमेटी गठित करेगी जो उत्तराखंड राज्य के लिए समान नागरिक संहिता का ड्राफ्ट तैयार करेगी।

सीएम धामी ने कहा कि यह सामाजिक सद्भाव को बढ़ाएगा, लैंगिक न्याय को बढ़ावा देगा, महिला सशक्तिकरण को मजबूत करेगा और राज्य की असाधारण सांस्कृतिक-आध्यात्मिक पहचान और पर्यावरण की रक्षा करने में मदद करेगा। यूनिफॉर्म सिविल कोड संविधान निर्माताओं के सपनों को पूरा करने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम होगा। उत्तराखंड में जल्द से जल्द यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू करने से राज्य के सभी नागरिकों को समान अधिकारों को बल मिलेगा।

इउन्होंने कहा कि,”शपथ ग्रहण के तुरंत बाद, नई भाजपा सरकार राज्य में समान नागरिक संहिता का मसौदा तैयार करने के लिए एक समिति बनाएगी. इस यूनिफॉर्म सिविल कोड का दायरा विवाह, तलाक, ज़मीन जायदाद और उत्तराधिकार जैसे विषयों पर सभी नागरिकों के लिए समान कानून हो, चाहे वे किसी भी धर्म में विश्वास रखते हों, मेरी पार्टी का संकल्प है और भाजपा की नई सरकार बनते ही इसे पूरा किया जाएगा। ‘देवभूमि’ की संस्कृति और विरासत को अक्षुण्ण रखना हमारा प्रमुख कर्तव्य है, इसके लिए हम कटिबद्ध हैं।