17.6 C
New York
Saturday, September 12, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home Entertainment Bollywood 98वें ऑस्कर की दौड़ में भारत की दो फिल्में, ‘कांतारा चैप्टर 1’...

98वें ऑस्कर की दौड़ में भारत की दो फिल्में, ‘कांतारा चैप्टर 1’ और ‘तन्वी द ग्रेट’ को मिली बड़ी कामयाबी

16

98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स की उलटी गिनती के बीच भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। इस बार भारत की दो फिल्में ऑस्कर जीतने की राह के और करीब पहुंच गई हैं। ऋषभ शेट्टी की फिल्म ‘कांतारा: ए लीजेंड – चैप्टर 1’ और अनुपम खेर की ‘तन्वी द ग्रेट’ ने 98वें ऑस्कर अवॉर्ड्स के लिए योग्य 201 फीचर फिल्मों की सूची में अपनी जगह बना ली है। यह उपलब्धि भारतीय सिनेमा के लिए गर्व का विषय मानी जा रही है।

वैरायटी की रिपोर्ट के अनुसार, एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज ने उन 201 फिल्मों की घोषणा की है, जो सीधे तौर पर बेस्ट फिल्म अवॉर्ड की दौड़ में शामिल हैं। इन फिल्मों में भारत की दोनों फिल्मों का नाम शामिल होना बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, अंतिम नॉमिनेशन सूची आने के बाद ही यह तय होगा कि ये फिल्में ऑस्कर नॉमिनेशन तक पहुंच पाती हैं या नहीं।

वैरायटी के मुताबिक, इन फिल्मों को एकेडमी के चार मानकों में से कम से कम दो को पूरा करना जरूरी था। इसके साथ ही 2025 में पहली रिलीज के 45 दिनों के भीतर अमेरिका के टॉप 50 बाजारों में से कम से कम 10 जगहों पर थिएटर में प्रदर्शन भी अनिवार्य था। सभी शर्तों को पूरा करने के बाद ‘कांतारा: चैप्टर 1’ और ‘तन्वी द ग्रेट’ ने ऑस्कर की दौड़ में दावेदार के तौर पर अपनी जगह बनाई है।

एकेडमी अवॉर्ड्स के नॉमिनेशन की घोषणा 22 जनवरी को की जाएगी। इससे पहले नवंबर 2025 में एकेडमी ने बेस्ट डॉक्यूमेंट्री, एनिमेटेड फीचर और इंटरनेशनल फीचर फिल्म कैटेगरी के लिए योग्य फिल्मों की सूची जारी की थी, जिसमें कुल 317 फिल्में शामिल थीं।

होम्बले फिल्म्स की ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की कहानी तुलुनाडु क्षेत्र में दैवीय परंपराओं और देवी-देवताओं की पूजा के इर्द-गिर्द घूमती है। फिल्म में ऋषभ शेट्टी ने जंगल और आदिवासी समुदायों के रक्षक बर्मे का किरदार निभाया है।

वहीं, अनुपम खेर के निर्देशन में बनी ‘तन्वी द ग्रेट’ ऑटिज्म और भारतीय सेना जैसे संवेदनशील विषयों पर आधारित है। फिल्म में शुभांगी ने तन्वी रैना का किरदार निभाया है, जो अपने दिवंगत पिता से प्रेरित होकर उनके नक्शेकदम पर चलने का सपना देखती है। इस फिल्म में अनुपम खेर, जैकी श्रॉफ, बोमन ईरानी और करण टैकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आते हैं।

अब सबकी निगाहें 22 जनवरी पर टिकी हैं, जब ऑस्कर नॉमिनेशन की आधिकारिक घोषणा होगी और यह तय होगा कि ये दोनों भारतीय फिल्में ऑस्कर की अंतिम दौड़ में पहुंच पाती हैं या नहीं।