अयोध्या का वैभव दुनिया देखेगी; श्रीराम अपने मंदिर में आने वाले हैं- बोले CM योगी

7

सीएम योगी मोदी सरकार के कार्यकाल के 9 साल पूरे होने पर अयोध्या पहुंचे हैं। गुरुवार को भरतकुंड पर जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “राम मंदिर का निर्माण तेजी से हो रहा है। PM नरेंद्र मोदी जनवरी में राम मंदिर का उद्घाटन करेंगे। ये दिन उत्सव की तरह मनाया जाएगा। 21 लाख दीप जलाए जाएंगे। अयोध्या का वैभव दुनिया देखेगी।”

CM योगी ने कहा, पहले गुप्तार घाट और सूरज कुंड जर्जर था। कल मैंने दौरा किया। हमने यहां निर्माण कराए हैं। 3 महीने से गुप्तार घाट कितने लोग गए हैं? 6 साल पहले वो वीरान पड़ा हुआ था। अब जाकर देखिए, कितना बढ़िया बन चुका है। ये नई अयोध्या है। हम अयोध्या को दुनिया की सबसे सुंदर नगरी बनाएंगे।

अयोध्या को देखकर त्रेतायुग की याद आएगी

सीएम ने कहा, एक बार फिर त्रेता युग की तरफ हम चल पड़े हैं। अयोध्या को देखकर त्रेतायुग की याद आएगी। अगले वर्ष हमारे श्रीराम आने वाले हैं। अपने घर-महल में विराजमान होने वाले हैं। इसकी तैयारी दीपोत्सव के साथ प्रारंभ होनी चाहिए। जैसे वैश्विक मंच पर भारत की प्रतिष्ठा बढ़ी है।

उन्होंने कहा, एयरपोर्ट पर एक साथ कई विमान उतर सकेंगे। यहां इंटरनेशनल फ्लाइट लैंड करेंगी। किसी बड़े उद्देश्य के लिए शुरुआत में कुछ कठिनाई तो झेलनी पड़ती है। अगले चार-छह महीने में अयोध्या की सड़कें दिल्ली की राजपथ सी लगेंगी। यहां मुख्य रेलवे स्टेशन का विकास हो रहा है। सूर्यकुंड व भरतकुंड में भी रेलवे विकास के कार्य शुरू हो रहे हैं। 21 जून को योग महोत्सव का कार्यक्रम होगा। हमें इनसे जुड़ना चाहिए।

जिसने अयोध्या में जन्म नहीं लिया, वो पछता रहा होगा

योगी ने कहा, अयोध्या में लोग देश दुनिया से आएंगे। जिसने अयोध्या में जन्म नहीं लिया, वो पछता रहा होगा। राम अब अपने घर में आने वाले हैं। अपने मंदिर में आने वाले हैं। उसकी तैयारी उत्सव के रूप में होनी चाहिए। हमारी सरकार ने जो कहा, वो करके दिखाया। अब अयोध्या के साथ कोई अन्याय नहीं कर सकता है।

उन्होंने कहा, राम के बिना हमारा जीवन अधूरा माना जाता है। जिस रूप में प्रभु राम को पूजा है, भक्ति की है, वह साकार रूप में हम सबके सामने रामलला के रूप में मंदिर निर्माण के साथ विराजमान होकर दर्शन देंगे।

अयोध्या को अभी और प्रोजेक्ट देंगे

उन्होंने कहा, अयोध्या में 32 हजार करोड़ की परियोजनाओं पर काम चल रहा है। अभी और प्रोजेक्ट हम देने जा रहे हैं। अयोध्या के विकास में फंड की कमी नहीं आएगी।

अब एक घंटे में लखनऊ और गोरखपुर से पहुंचते हैं अयोध्या

सीएम ने कहा, अयोध्या की कनेक्टिविटी बेहतर होगी। पहले अयोध्या के लिए न सड़कें थीं और न ही ट्रेन। पहले गोरखपुर और लखनऊ से अयोध्या आने में पांच-छह घंटे लगते थे, आज एक घंटे में सफर तय हो रहा है।

सीएम ने कहा, हनुमानगढ़ी के पीछे से सुग्रीव किला के पास से भक्तिपथ के रूप में शानदार मार्ग बनने जा रहा है। अयोध्या में इससे पहले इतने चौड़े मार्ग नहीं थे। पंचकोसी, 14 कोसी, चौरासीकोसी, नया बाईपास, रिंग रोड, फ्लाईओवर बन रहे हैं।

अयोध्या, मथुरा-वृंदावन, प्रयागराज, श्रावस्ती, नैमिष तीर्थ, काशी, कुशीनगर का विकास हो रहा है। विकास के लिए पैसे की कमी नहीं है। पैसे की कमी तब होती थी, जब सरकारी खजाने पर डकैती डालने वाले लोग सत्ता में बैठकर परिवारवाद व जातिवाद का तांडव करते थे। डकैती रोककर उस पैसे को हम विकास में लगा रहे हैं।

ReadAlso;एक ही स्थान पर होंगे प्रभु श्रीराम के जीवनकाल के प्रसंगों के दर्शन, लखनऊ-अयोध्या के बीच बनेगा अंतरराष्ट्रीय रामायण संग्रहालय

युवा मोर्चा की रैली को दिखाई हरी झंडी

गुरुवार सुबह सीएम ने कारसेवकपुरम में श्रीरामजन्मभूमि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय से मुलाकात की। उनका हालचाल लिया। फिर वो सुबह 11 बजे भरतकुंड पर केंद्र सरकार के 9 साल पूरे होने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करने के लिए पहुंचे। यहां युवा मोर्चा रैली को हरी झंडी दिखाई।

CM योगी बुधवार देर शाम अयोध्या पहुंचे। इसके बाद वह सीधे हनुमानगढ़ी और रामलला के दरबार पहुंचे। यहां उन्होंने सबसे पहले हनुमानगढ़ी के दर्शन-पूजन किए। CM ने संकट मोचन हनुमान के दर्शन कर सुखी-स्वस्थ उत्तर प्रदेश की कामना की। इसके बाद रामलला के दर्शन, आरती और परिक्रमा की। साथ ही राम मंदिर निर्माण की प्रगति भी जानी। इसके पहले अयोध्या पहुंचने पर रामकथा हेलीपैड पर CM को सलामी दी गई।