
बदरीनाथ धाम में दान सामग्री और चढ़ावे में कथित अनियमितता के मामले में फरार चल रहे श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के निलंबित कर्मचारी प्रमोद नौटियाल को पुलिस ने देहरादून से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी से मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है।
प्रमोद नौटियाल मंदिर समिति में कर्मचारी रहने के साथ समिति अध्यक्ष के निजी सहायक के पद पर भी तैनात रह चुका है। उसके खिलाफ बदरीनाथ धाम में दान राशि और चढ़ावे के प्रबंधन में कथित गड़बड़ी को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले के सामने आने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया था।
जांच एजेंसियों के अनुसार, मंदिर परिसर के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के दौरान कुछ संदिग्ध गतिविधियां सामने आई थीं। इन्हीं तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई गई और आरोपी की तलाश की जा रही थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य सरकार ने जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। एसआईटी अब आरोपी से पूछताछ कर दान राशि और अन्य सामग्री से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं, मंदिर समिति ने भी दान व्यवस्था में पारदर्शिता और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत करने की बात कही है।













