17.6 C
New York
Wednesday, July 15, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news सड़क निर्माण का विरोध, ग्रामीण की हत्या

सड़क निर्माण का विरोध, ग्रामीण की हत्या

6

छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर जिले में नक्सलियों ने सड़क निर्माण कंपनी के कर्मचारी की हत्या कर दी। कांकेर जिले के पुलिस अधीक्षक भोजराज पटेल ने शुक्रवार को ‘भाषा’ को दूरभाष पर बताया कि जिले के परतापुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत कटगांव गांव में नक्सलियों ने जगदीश मंडल (लगभग 35 वर्ष) की हत्या कर दी। पटेल ने बताया, ‘‘पुलिस को सूचना मिली थी कि बृहस्पतिवार शाम हथियारबंद नक्सली कटगांव पहुंचे और उन्होंने वहां बनने वाली सड़क का विरोध किया। बाद में नक्सलियों ने सड़क निर्माण करने वाली कंपनी के कर्मचारी मंडल की हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद नक्सली वहां से फरार हो गए।’’

पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया। पुलिस दल ने शव को बरामद कर लिया है तथा उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने शव के करीब से एक पर्चा भी बरामद किया है जिसमें नक्सलियों ने सड़क और पुल निर्माण का विरोध किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया, ‘‘जिले के कोयलीबेड़ा से परतापुर गांव के मध्य सड़क निर्माण होना है तथा क्षेत्र में बहने वाली बालेर नदी तथा मेंडकी नदी में पुल बनना है। नक्सली इस निर्माण कार्य का विरोध कर रहे हैं।’