नौसेना प्रमुख ने न्यूजीलैंड यात्रा पर किया समझौता

4

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने न्यूजीलैंड की तीन दिवसीय यात्रा की। इस दौरान भारतीय और न्यूजीलैंड नौसेना ने व्हाइट शिपिंग इंफॉर्मेशन एक्सचेंज समझौते पर हस्ताक्षर किए। समझौता व्यापारी जहाजों की आवाजाही पर सूचनाओं के आदान-प्रदान की सुविधा प्रदान करेगा। भारतीय नौसेना ने रविवार को कहा कि 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक एडमिरल हरि कुमार की न्यूजीलैंड यात्रा से दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय समुद्री संबंध गहरे होंगे।

आगे बयान में कहा गया है कि नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार ने रॉयल न्यूजीलैंड नेवी के प्रमुख रियर एडमिरल डेविड प्रॉक्टर के साथ विचार-विमर्श किया जिसमें समुद्री संबंध, समुद्री आवाजाही और समुद्री सहयोग जैसे मुद्दे शामिल थे। भारतीय नौसेना ने कहा कि दोनों पक्षों ने आने वाले वर्षों में द्विपक्षीय संबंधों के दायरे का विस्तार करने के लिए उत्साह दिखाया है।

नौसेना प्रमुख एडमिरल आर हरि कुमार

रक्षा मंत्रालय ने कहा कि नौसेना प्रमुख के आगमन पर न्यूजीलैंड नेवी द्वारा आयोजित पारंपरिक समारोह में उनका स्वागत किया गया और उन्हें नौसेना मैदान में सेरेमोनियल गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। एडमिरल हरि कुमार ने न्यूजीलैंड के समुद्री संग्रहालय का दौरा भी किया, जो देश की समृद्ध समुद्री विरासत को प्रदर्शित करता है। साथ ही भारतीय नौसेना प्रमुख ने ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के लोगों और नेताओं से बातचीत की।

न्यूजीलैंड की यह यात्रा ने दोनों देशों की नौसेनाओं की साझा प्रतिबद्धताओं को और मजबूत किया है और गहरे द्विपक्षीय समुद्री संबंधों के लिए एक आशा भरी विकास यात्रा को गति प्रदान की है।