बेगूसराय में बाइक सवार दो बदमाशों ने नेशनल हाईवे पर 30 KM तक करते रहे ताबड़तोड़ फायरिंग, 11 लोगों को लगी गोली

2

बिहार के बेगूसराय में बाइक सवार दो बदमाशों नेशनल हाईवे पर कम से कम आधा दर्जन जगहों पर ताबडतोड फायरिंग की है। इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। खबर है कि इस घटना में 11 लोगों को गोली लगी है। हालांकि इसकी पुष्टि नहीं हुई है। इधर, बेगूसराय एसपी का कहना है कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए नाकेबंदी कर दी गई है।

घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार, अपराधियों ने नेशनल हाईवे 31 और 28 पर आधा दर्जन जगहों पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है। बेगूसराय जिले में ही ये दोनों नेशनल हाईवे मिलते हैं, वहीं इस घटना को अंजाम दिया गया है। बताया जा रहा है कि बाइक सवार बदमाश आधुनिक हथियार से लैस थे। और वे 30किमी, तक फायरिंग करते रहे, जो भी रास्ते में मिले उसे शूट कर दिया। इसमें तेघरा थाना के अयोध्या चौक के पास गोली लगने से एक शख्स की सड़क पर ही मौत हो गई। वारदात में बछवाड़ा, फुलवरिया, बरौनी और चकिया इलाकों में 8 अन्य लोग घायल हो गए। सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

राज्यसभा सांसद राकेश सिन्हा ने ट्वीट कर कहा कि पुलिस प्रशासन को चेताया था कि राजनीति, अपराध और ठेकेदारी का गठजोड़ फिर बेगूसराय को साठ के दशक में ले जा रहा है, जब हत्या आम बात थी। आज गोलियों की बौछार ने दर्जन भर लोगों को घायल किया और मौत भी हुई। सख्त करवाई की जरूरत है।

बेगूसराय सांसद और केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने ट्विट किया है कि बेगूसराय के अलग-अलग जगहों पर 12 लोगों को गोली मारी गयी है। जिला प्रशासन इस बात की पुष्टि नहीं कर रहा है।

बिहार बीजेपी के प्रवक्ता निखिल आनंद ने ट्वीट कर कहा है कि बेगूसराय में ओपन फायरिंग कर 11 लोगों को गोली मारने की घटना अत्यंत दुखद-दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसा प्रतीत होता है कि बिहार में कानून नाम की चीज नहीं बची है। शराब और खनन माफिया और आपराधिक गिरोहों को नई सरकार में पूरी छूट मिल गई है। अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता में घोर भय व्याप्त है।

बेगूसराय एसपी योगेंद्र कुमार ने घटना की पुष्टि की है। एसपी ने बताया है कि बाइक सवार दो बदमाश एनएच पर घटना को अंजाम दे रहे हैं। पूरे जिले में नाकेबंदी कर दी गई है। अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए जिले भर में पुलिस टीम नाकेबंदी कर छापेमारी कर रही है।