
बारिश थमने के बाद धूप और उमस के बीच हल्द्वानी में डेंगू ने दस्तक दे दी है। शहर में तीन लोगों के डेंगू संक्रमित मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग और नगर निगम सतर्क हो गए हैं। छड़ायल, आजाद नगर-बनभूलपुरा और काठगोदाम में मरीज सामने आने के बाद प्रभावित क्षेत्रों में फॉगिंग, कीटनाशक छिड़काव और सफाई अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
सिटी मजिस्ट्रेट एपी वाजपेयी ने बताया कि जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज के अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखा जा रहा है। नगर निगम को प्रभावित क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने और नियमित फॉगिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। स्वास्थ्य विभाग को भी संक्रमण की स्थिति पर नजर रखने को कहा गया है।
संवेदनशील क्षेत्रों में बढ़ेगी फॉगिंग
नगर आयुक्त परितोष वर्मा के मुताबिक, तीन मरीज मिलने के बाद संवेदनशील क्षेत्रों में फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव बढ़ाया जाएगा। मच्छरों के लार्वा को नष्ट करने के लिए पानी जमा होने वाले स्थानों पर भी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही नगर निगम कर्मचारियों के माध्यम से लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा।
घरों में पानी जमा न होने दें
प्रशासन ने लोगों से डेंगू से बचाव के लिए विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि घरों की छतों, गमलों, कूलरों और बर्तनों में पानी जमा न होने दें। बारिश के बाद आसपास जमा पानी को हटाएं और सफाई बनाए रखें।
प्रशासन के अनुसार, आने वाले कुछ सप्ताह डेंगू की रोकथाम के लिहाज से महत्वपूर्ण हैं। मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए नियमित सफाई और पानी जमा होने वाले स्थानों की निगरानी जरूरी है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे प्रशासन के अभियान में सहयोग करें और डेंगू से बचाव के उपायों को गंभीरता से अपनाएं।













