कंबोडिया के प्रधानमंत्री हुन सेन ने किया इस्तीफे का एलान

0

यह घोषणा हुन सेन की कम्बोडियन पीपुल्स पार्टी द्वारा सप्ताहांत के चुनावों में भारी जीत हासिल करने के बाद की गई है।
लंबे समय से कंबोडिया के प्रधानमंत्री पद पर बने हुए हुन सेन ने बुधवार को कहा कि वह तीन सप्ताह में प्रधानमंत्री पद छोड़ देंगे और अपने सबसे बड़े बेटे को पद सौंप देंगे। रविवार को हुए चुनाव में पीएम हुन सेन के बड़े बेटे ने संसद में पहली बार जीत दर्ज की है।

हालांकि, पश्चिमी देशों और अधिकार संगठनों ने चुनाव की ‘न तो स्वतंत्र और न ही निष्पक्ष’ कहकर आलोचना की और कहा कि चुनाव में देश के मुख्य विपक्ष को दबा दिया गया। हुन सेन 38 वर्षों से कंबोडिया के निरंकुश नेता रहे हैं, लेकिन चुनाव से पहले उन्होंने कहा था कि वह अगले पांच साल के कार्यकाल के दौरान अपने सबसे बड़े बेटे हुन मानेट (Hun Manet) को यह पद सौंप देंगे।

45 साल के हुन मैनेट फिलहाल देश की सेना के प्रमुख हैं। एशिया में सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले नेता हुन सेन ने एक टेलीविजन संबोधन में में कहा कि उन्होंने राजा नोरोडोम सिहामोनी को अपने फैसले के बारे में सूचित कर दिया था और राजा एक औपचारिकता के तहत सहमत हो गए थे।

ReadAlso;अमेरिका से 105 प्राचीन कलाकृतियों की “वतन” वापसी, प्रधानमंत्री ने अमेरिकी सरकार को धन्यवाद दिया

शीर्ष मंत्री पद संभालेगी नई पीढ़ी: हुन सेन 

हुन सेन ने कहा कि राष्ट्रीय चुनाव आयोग द्वारा रविवार को हुए चुनाव के अंतिम नतीजों की रिपोर्ट आने के बाद उनके बेटे को प्रधानमंत्री पद के लिए नामित किया जाएगा। चुनाव में कम्बोडियन पीपुल्स पार्टी ने 125 में से 120 सीटें जीती हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि 22 अगस्त को गठित होने वाली नई सरकार में कई शीर्ष मंत्री पद नई पीढ़ी संभालेगी। बताया जा रहा है कि भले ही वह प्रधानमंत्री पद से हट रहे हैं, लेकिन उम्मीद है कि हुन सेन कंबोडिया को चलाने में करीबी तौर पर शामिल रहेंगे और देश की सीनेट के अध्यक्ष भी बनेंगे।