17.6 C
New York
Tuesday, October 20, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news हरकी पैड़ी पर उमड़ा आस्था का सागर, कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं...

हरकी पैड़ी पर उमड़ा आस्था का सागर, कार्तिक पूर्णिमा पर लाखों श्रद्धालुओं ने किया गंगा स्नान

5

पवित्र गंगा तट हरकी पैड़ी पर बुधवार को कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व के अवसर पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला। भोर होते ही हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा। लाखों श्रद्धालुओं ने मां गंगा में पवित्र डुबकी लगाकर पुण्य अर्जन किया और अपने आराध्य देवों की आराधना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा को देव दीपावली के रूप में मनाया जाता है। कहा जाता है कि इस दिन देवता स्वयं धरती पर अवतरित होकर गंगा स्नान करते हैं। इसी कारण इस पर्व का धार्मिक महत्व अत्यंत विशेष माना गया है।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए हरिद्वार प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के सख्त व व्यवस्थित प्रबंध किए हैं। मेला क्षेत्र को 11 जोन और 36 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। हरकी पैड़ी से लेकर बाहरी पार्किंग स्थलों तक पुलिस और प्रशासनिक टीमें पूरी मुस्तैदी से तैनात रहीं। घाटों पर जल पुलिस की छह टीमें सतर्कता से निगरानी कर रही हैं, जबकि बम निरोधक दस्ते, डॉग स्क्वॉड और खुफिया इकाइयां संवेदनशील स्थानों पर लगातार गश्त में जुटी हैं। पूरे क्षेत्र पर सीसीटीवी कैमरों की नजर रखी जा रही है।

महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए महिला पुलिस कर्मियों की विशेष तैनाती की गई है। ठंडी हवाओं के बीच भी श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कई श्रद्धालु रात से ही हरिद्वार पहुंच गए थे, जबकि ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था।

गंगा तट पर दीपों की झिलमिल रोशनी और भक्ति से भरे वातावरण ने हरिद्वार को दिव्यता और आस्था से आलोकित कर दिया। कार्तिक पूर्णिमा के इस पावन अवसर पर हरकी पैड़ी का दृश्य मानो धरती पर स्वर्ग का आभास करा रहा था।