17.6 C
New York
Saturday, November 14, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news देहरादून में छठ महापर्व की धूम, आज खरना के बाद शुरू होगा...

देहरादून में छठ महापर्व की धूम, आज खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

0

लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार को नहाय-खाय के साथ शुरू हो गया। सूर्य उपासना और छठी मैया की आराधना के इस पर्व को लेकर राजधानी देहरादून में पूर्वांचल समाज के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। घरों में साफ-सफाई के साथ पूजा और प्रसाद तैयार करने का सिलसिला शुरू हो गया है।

पर्व के दूसरे दिन शनिवार को खरना की परंपरा निभाई जाएगी। इसके बाद रविवार शाम को श्रद्धालु विभिन्न घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा।

देहरादून के इन स्थानों पर होंगे विशेष आयोजन

छठ पूजा को लेकर देहरादून में टपकेश्वर मंदिर क्षेत्र, ब्रह्मपुरी, प्रेमनगर, रायपुर नहर और मालदेवता में नदी किनारे स्थित घाटों पर विशेष आयोजन किए जाएंगे। रविवार शाम इन स्थानों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना है।

व्रती परिवार के सदस्यों के साथ घाटों पर पहुंचकर पारंपरिक तरीके से सूर्य देव की पूजा-अर्चना करेंगे। पूजा के लिए बांस के सूप और टोकरी में फल, गन्ना, नारियल, ठेकुआ सहित विभिन्न पूजन सामग्री सजाई जाएगी।

खरना के बाद शुरू होगा 36 घंटे का निर्जला व्रत

छठ पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा के तहत व्रती स्नान कर घर की शुद्धता का विशेष ध्यान रखते हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करते हैं। शनिवार को खरना के दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करने के बाद 36 घंटे का निर्जला व्रत शुरू होगा।

इस दौरान व्रती अन्न और जल दोनों का त्याग करते हैं। रविवार शाम को संध्या अर्घ्य के दौरान डूबते सूर्य को जल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की जाएगी।

सोमवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर होगा समापन

छठ महापर्व के अंतिम दिन सोमवार सुबह व्रती घाटों पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसके बाद पारण कर अपना व्रत खोलेंगे। इसी के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व संपन्न हो जाएगा।

छठ पर्व में स्वच्छता, पवित्रता और अनुशासन का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूर्य देव और छठी मैया की आराधना से परिवार में सुख-समृद्धि आती है। साथ ही श्रद्धालु संतान के सुखद भविष्य और दीर्घायु की कामना करते हैं।