रामनवमी पर भड़की हिंसा की चिंता, ईद के मौके पर भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए

1

दिल्ली। रामनवमी पर भड़की हिंसा की चिंता अब ईद के मौके पर भी दिखायी दे रही है। मध्य प्रदेश के खरगोन से लेकर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ और मेरठ तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। ईद के मौके पर राज्य सरकारों और जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। उत्तर प्रदेश, झारखंड, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश में कई जगहों पर प्रतिबंध लगाए गए हैं और लोगों से भी शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

इसी बीच उत्तर प्रदेश सरकार ने धार्मिक स्थलों से 54 हजार लाउडस्पीकर उतरवाए गए हैं। बता दें कि दो साल के बाद इस बार इतनी कड़ी पाबंदी के बीच ईद का त्योहार मनाया जाएगा। बीते दो साल से कोरोना के चलते लोगों ने सादगी के साथ त्योहार मनाया था।

उत्तर प्रदेश में चलाया गया बड़ा अभियान

उत्तर प्रदेश में लाउडस्पीकर को लेकर बड़ा अभियान चलाया गया है। यहां धार्मिक स्थलों से लगभग 54 हजार लाउडस्पीकर उतरावए गए। जिला प्रशासन ने लगभग 60 हजार लाउडस्पीकर की आवाज कम करवाई है। रविवार को यूपी पुलिस इस कार्रवाई की पूरी रिपोर्ट उत्तर प्रदेश सरकार को सौंपेगी।

खरगोन में नहीं मिली कर्फ्यू से राहत

मध्य प्रदेश के खरगोन में ईद और अक्षय तृतीया के मौके पर 24 घंटे का कर्फ्यू लगाया गया है। शहर में लोगों से घर पर ही त्योहार मनाने को कहा गया है। बता दें कि 10 अप्रैल को रामनवमी के मौके पर यहां हिंसा भड़क गई थी। लोगों को रविवार को सुबह 8 बजे से शाम 5 बजे तक खरीदारी करने की छूट दी गई है। यहां के कलेक्टर सुमेर सिंह मुजालदा ने कहा कि 2 मई और तीन मई को कर्फ्यू से छूट नहीं दी जाएगी।

लाउडस्पीकर मामले पर बात नहीं करना चाहते नीतीश कुमार

बिहार के सीएम नीतीश कुमार लाउडस्पीकर को लेकर विवाद को खारिज करते हुए कहा कि बिहार सरकार किसी भी धार्मिक गतिविधि में रोड़ा नहीं अड़ाती। उन्होंने कहा कि कुछ लोग केवल मुद्दे उठाते रहते हैं। बिहार में भाजपा नेता लाउडस्पीकर हटवाने की मांग कर रहे हैं।