पंजाब को आतंकवाद के दौर में डालने वाली कांग्रेस ही थी। लोगों को यह बात भूलनी नही चाहिए- जेपी नड्डा

0

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने आज शनिवार को पंजाब में बड़ी रैली करके पार्टी के लिए चुनाव में जनसमर्थन मांगा। बलाचौर में चुनावी रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने सत्ताधारी दल कांग्रेस पर जमकर राजनीतिक हमले किए।

नड्डा ने कहा कि कांग्रेस के हाथ 1984 सिख दंगों के खून से रंगे हुए हैं। वर्ष 1984 में कांग्रेस के एक बड़े नेता ने सिखों के कत्लेआम पर कहा था कि जब कोई बड़ा पेड़ गिरता है तो थोड़ी बहुत तो हलचल होती ही है। सिखों को लेकर कांग्रेस की जो सोच पहले थी, वह आज भी है। ये आप के सामने वोट मांगने के लिए आए हैं। अब आप भी इनको हिलाओ।

उन्होंने कहा कि पंजाब में हजारों लोग आतंकवाद के दौर में मौत के घाट उतार दिए गए। पंजाब को आतंकवाद के दौर में डालने वाली कांग्रेस ही थी। लोग पंजाब को छोड़कर अन्य राज्यों में बसने लगे थे। लोगों को यह बात भूलनी नही चाहिए।

उन्होंने कहा कि पंजाब वीरों की धरती है, धार्मिक गुरुओं की धरती है, पुण्यभूमि है। पंजाब की धरती शहीदों की धरती है। पवित्र धरती है। इस धरती पर आना अपने आप में सौभाग्य की बात है। देश की आजादी से लेकर पंजाब की सुरक्षा तक पंजाब के वीरों ने बढ़ चढ़ कर हिस्सा लिया है। यह प्रदेश बलिदान के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र शहीद भगत सिंह का क्षेत्र है। मैं इसको नमन करता हूं।

जेपी नड्डा ने कहा कि हमें एक मौका दीजिए और हम पंजाब में वैसे ही काम करेंगे जैसे हमने हरियाणा, गुजरात और यूपी में किया है। अगर हम आतंकवाद के खिलाफ जीरो टालरेंस चाहते हैं तो हमें पंजाब में कमल खिलाना होगा। बीजेपी एक आजमाई हुई पार्टी है। ‘नरेंद्र मोदी’ नाम ‘विकास’ का पर्याय है।

नड्डा ने कहा कई पार्टियों व नेताओं ने पंजाब के सिखों के बारे में बड़ी बड़ी बातें की हैं पर किसी ने कभी सिख, हिंदू-सिख भाईचारे की बात नहीं की। उन्होंने कहा कि क्या इससे पहले दिल्ली दरबार में सिख नेता नही थे। पंजाब की बात तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने की है। प्रदेश के सभी गुरुद्वारों में लंगर पर से टैक्स प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हटाया है। श्री करतारपुर साहिब कोरिडोर को उन्होंने ही खुलवाया।