पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ सहित भाजपा ने बदले 15 राज्यों के प्रभारी; सूची में कई बड़े नाम शामिल

0

लोकसभा चुनाव 2024 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने 15 राज्यों में प्रभारी और सह प्रभारियों का ऐलान कर दिया है।भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने एक संगठनात्मक बदलाव की घोषणा की है। उन्होंने इसके साथ ही विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 14 पार्टी प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त किए। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने यह सूची जारी की है। इसमें बिहार, मध्यप्रदेश, राजस्थान, पश्चिम बंगाल समेत कुल 15 राज्य शामिल हैं।

भाजपा ने 15 राज्यों के प्रभारी बदल दिए हैं। इनमें बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, हरियाणा, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान भी शामिल हैं। लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड का प्रभारी बनाया गया। विनोद तावडे बिहार के प्रभारी बनाए गए हैं। भूपेंद्र यादव के केंद्रीय मंत्री बनने से यह पद खाली हुई था। हरीश द्विवेदी बिहार के सह प्रभारी रहेंगे। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब हरियाणा भाजपा के नये प्रभारी बनाए गए हैं। अभी हरियाणा की जिम्मेदारी विनोद तावड़े के पास थी।बता दें, भाजपा ने अभी से लोकसभा चुनावों की तैयारियां शुरू कर दी है। साथ ही इस साल और अगले साल होने वाले राज्य विधानसभा चुनावों पर भी पार्टी की नजर है।

सूची के मुताबिक, बिप्लब कुमार देब को हरियाणा, प्रकाश जावड़ेकर को केरल, मंगल पांडे को पश्चिम बंगाल जबकि संबित पात्रा को पूर्वोत्तर का प्रभारी नियुक्त किया गया है। वहीं, ओम माथुर को छत्तीसगढ़, लक्ष्मीकांत वाजपेयी को झारखंड, डॉ. राधामोहन अग्रवाल को लक्षद्वीप, पी मुरलीधर राव को मध्य प्रदेश, विजय रूपानी को पंजाब, तरुण चुघ को तेलंगाना, अरुण सिंह को राजस्थान, महेश शर्मा को त्रिपुरा का प्रभारी बनाया गया है।

भाजपा की ओर से जारी सूची के मुताबिक, सांसद डॉ. राधामोहन अग्रवाल को केरल, पंकजा मुंडे और डॉ. रमाशंकर कठेरिया को मध्य प्रदेश, नरिंदर सिंह रैना को पंजाब, सांसद हरीश द्विवेदी को बिहार, अरविंद मेनन को तेलंगाना, विधायक नितिन नबीन को छत्तीसगढ़, विजया राहटकर को राजस्थान, अमित मालवीय और आशा लकड़ा को पश्चिम बंगाल और रितुराज सिन्हा को उत्तर पूर्वी प्रदेशों में सह प्रभारी बनाया गया है।

राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ को तेलंगाना प्रभारी नियुक्त किया गया है। चुघ पहले से ही इस दक्षिणी राज्य के प्रभारी हैं। दिलचस्प बात यह है कि हाल ही में पार्टी ने सुनील बंसल को तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और ओडिशा सहित तीन राज्यों का प्रभारी घोषित किया था। सुनील इससे पहले उत्तर प्रदेश के महासचिव थे।

त्रिपुरा के पूर्व सीएम बिप्लब कुमार देब को संगठन में हरियाणा के प्रभारी के रूप में स्थान मिला है। इस पर पार्टी के एक नेता ने कहा, “देब त्रिपुरा में सक्रिय रहे हैं और उन्हें हरियाणा ले जाने के बाद उनके पास त्रिपुरा की राजनीति में शामिल होने का समय नहीं होगा।” गुजरात के पूर्व सीएम विजय रुपानी पंजाब और चंडीगढ़ के प्रभारी होंगे।