वैश्विक शांति सूचकांक में भारत 137वें स्थान पर, पिछले वर्ष की तुलना में 4 पायदान का सुधार

0

दिल्लीः भारत वैश्विक शांति सूचकांक में इस वर्ष 163 देशों की सूची में 137वें पायदान पर है। वर्ष 2016 की तुलना में 4 पायदान का सुधार हुआ है, पिछले वर्ष यह 141वें स्थान पर था।

आॅस्ट्रेलिया के इंस्टीट्यूट आॅफ इकानाॅमिक्स एंड पीस  द्वारा ज़ारी 2017 सूचकांक में आइसलैंड विश्व का सबसे शांतिपूर्ण देश है। आइसलैंड इस स्थान पर 2008 से ही काबिज है। अंतर्राष्ट्रीय वैश्विक सूचकांक पांच सबसे शांतिपूर्ण रैंकिंग वाले देशों में न्यूजीलैंड, ऑस्ट्रिया, पुर्तगाल और डेनमार्क शामिल हैं।

सीरिया विश्व का सबसे कम शांति वाला देश है, वह इस स्थान से पिछले पाँच वर्षों में कोई सुधार नही कर पाया है। अफगानिस्तान, दक्षिण सूडान, इराक और सोमालिया अन्य सबसे कम शांति वाले देशों में शामिल हैं।

इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पीस के अनुसार, ‘भारत की रैंकिंग में चार स्थानों का सुधार मोटे तौर पर कानून प्रवर्तन बढ़ने से हिंसक अपराध के स्तर में आई कमी के चलते हुआ है। इस बीच, कश्मीर में 2016 के मध्य में अशांति बढ़ने से भारत और उसके पड़ौसी पाकिस्तान के बीच तनाव बढ़ गया था, बाहरी संघर्ष से दोनों देशों में मृतक संख्या बढ़ गई थी।’

इंस्टीट्यूट ऑफ इकोनॉमिक्स एंड पीस के अनुसार,  ऐसे देश जिन्होंने पिछले 30 वर्षों में भारी हथियारों की क्षमता में सबसे अधिक वृद्धि प्रदर्शित की वे मुख्य रूप से अस्थिर क्षेत्रों में हैं. यहां पड़ोसी देशों के साथ बहुत अधिक तनाव है।

इनमें मिस्र, भारत, ईरान, पाकिस्तान, दक्षिण कोरिया और सीरिया शामिल हैं।