
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के तहत अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत के बीच फिल्म 3 इडियट्स में ‘चतुर’ का किरदार निभाने वाले अभिनेता ओमी वैद्य उनके समर्थन में सामने आए हैं। ओमी ने एक वीडियो जारी कर लोगों से सोनम वांगचुक के स्वास्थ्य और आंदोलन पर ध्यान देने की अपील की।
वीडियो में ओमी वैद्य ने फिल्म 3 इडियट्स के लोकप्रिय किरदार ‘फुंसुक वांगडू’ का जिक्र करते हुए कहा कि वह नहीं चाहते कि फुंसुक वांगडू मर जाएं। उन्होंने लोगों से सोनम वांगचुक के आंदोलन और उनकी सेहत को गंभीरता से लेने की अपील की।
दिल्ली के जंतर-मंतर पर जारी इस आंदोलन के दौरान सोनम वांगचुक की तबीयत लगातार बिगड़ रही है। सीजेपी के अनुसार, भूख हड़ताल के दौरान उनका वजन करीब 8.2 किलोग्राम कम हो गया है और ब्लड ग्लूकोज स्तर 67 तक पहुंच गया है। संगठन का कहना है कि यह आंदोलन नीट-यूजी पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर किया जा रहा है।
ओमी वैद्य का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर व्यापक चर्चा शुरू हो गई है। वहीं, कुछ यूजर्स ने इस मुद्दे पर अभिनेता आमिर खान और फिल्म निर्देशक राजकुमार हिरानी की चुप्पी को लेकर भी सवाल उठाए हैं।













