17.6 C
New York
Monday, November 23, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news उत्तराखंड में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी, राजनाथ सिंह ने...

उत्तराखंड में तीसरी बार भी भाजपा की सरकार बनेगी, राजनाथ सिंह ने कार्यकर्ताओं में भरा जीत का जोश

1


उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और सदस्यता अभियान को गति देने के उद्देश्य से आज प्रदेश विस्तृत कार्यसमिति की बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक में प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्यों और पदाधिकारियों की मौजूदगी में बूथ से लेकर मंडल और जिला स्तर तक के कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

बैठक में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह भी शामिल हुए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में जीत का भरोसा जताया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश प्रभारी, सह प्रभारी और पार्टी के अन्य पदाधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे। बैठक में सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जनआशीर्वाद यात्रा के माध्यम से सभी विधानसभा क्षेत्रों तक पहुंचने की योजना पर भी चर्चा की जा रही है।
राजनाथ सिंह ने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने कहा कि वह शीश झुकाकर सभी कार्यकर्ताओं का अभिनंदन करते हैं। चार दिन तक जापान में रहने के बाद संगठन के वरिष्ठ नेता राम माधव के निर्देश पर वह उत्तराखंड पहुंचे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आकर उन्हें सुखद अनुभूति होती है। यहां आने पर मन में शांति का भाव पैदा होता है और लंबे समय से संगठन के लिए काम कर रहे कार्यकर्ताओं से मिलने की प्रसन्नता भी होती है।

रक्षा मंत्री ने कहा कि उत्तराखंड में लगातार दो बार भाजपा की सरकार बनेगी, इसकी पहले कल्पना नहीं थी, लेकिन कार्यकर्ताओं का उत्साह देखकर उन्हें पूरा विश्वास है कि पार्टी तीसरी बार भी सरकार बनाने में सफल होगी। उन्होंने कहा कि इस आयोजन को वह साधारण बैठक नहीं मानते, बल्कि यह संकल्प लेने का दिन है। पार्टी एक बार फिर मजबूत सरकार बनाएगी, जो घुसपैठियों को बाहर करने के लिए प्रभावी कदम उठाएगी।

राजनाथ सिंह ने भाजपा की विचारधारा का जिक्र करते हुए कहा कि एक देश में दो विधान नहीं चलेंगे, यह संकल्प पार्टी के नेताओं ने लिया था। एकात्म मानववाद पार्टी की विचारधारा का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि संगठन और विचारधारा के अभाव में कोई भी राजनीतिक दल कमजोर हो जाता है। भाजपा आज उन क्षेत्रों में भी विकास कर रही है, जहां पहले इसकी कल्पना नहीं की जाती थी।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि सत्ता में रहना या सत्ता से बाहर होना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहना जरूरी है। पार्टी का मूल्यांकन इस आधार पर होना चाहिए कि वह समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति के लिए कितना काम कर पाई है। उन्होंने कहा कि भाजपा को चुनाव हारना मंजूर है, लेकिन अपनी विचारधारा से समझौता करना मंजूर नहीं है।