
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका दौरे के दौरान एक बार फिर भारत की चुनावी प्रक्रिया और चुनाव आयोग को लेकर सवाल उठाए हैं। शिकागो यूनिवर्सिटी में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने दावा किया कि चुनाव आयोग के भीतर के वरिष्ठ अधिकारी अब दबाव से परेशान हैं और विपक्ष को अंदरूनी जानकारियां दे रहे हैं।
शिकागो यूनिवर्सिटी में पॉलिटिकल साइंस के प्रोफेसर रॉबर्ट पेप के साथ बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि तमाम अनियमितताओं और नुकसान के बावजूद विपक्ष चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगा। उनका कहना था कि यदि विपक्ष चुनाव में हिस्सा लेना बंद कर देता है, तो इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था को नुकसान पहुंचेगा।
राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव आयोग के भीतर से उन्हें जानकारियां मिल रही हैं। उनके मुताबिक, आयोग के वरिष्ठ अधिकारी अब कह रहे हैं कि इस तरह काम जारी रखना संभव नहीं है और मौजूदा व्यवस्था का ढहना केवल समय की बात है। उन्होंने कहा कि विपक्ष बिना ठोस सबूत के लोकतंत्र पर सवाल नहीं उठाता। उनकी रणनीति चुनाव में कथित गड़बड़ियों को जनता के सामने लाने और इस मुद्दे पर लगातार चर्चा जारी रखने की है।
राहुल गांधी ने कहा, “हमारे लिए भारतीय लोकतंत्र पवित्र है। मेरे लिए यह कहना भी मुश्किल है कि भारतीय लोकतंत्र में कोई समस्या है, जब तक कि मेरे पास 100 प्रतिशत, 200 प्रतिशत या 300 प्रतिशत सबूत न हों। अगर हम कहें कि हम चुनाव में हिस्सा नहीं लेंगे, तो भारतीय लोकतंत्र उसी पल खत्म हो जाएगा। हम लोकतंत्र के ढांचे को नष्ट नहीं करना चाहते।”
उन्होंने आगे कहा कि विपक्ष चुनावी प्रक्रिया से अलग नहीं होना चाहता, क्योंकि ऐसा करने से लोगों की नजर में पूरी चुनावी व्यवस्था की वैधता पर सवाल खड़े होंगे। राहुल गांधी के अनुसार, विपक्ष को चुनावी प्रक्रिया में नुकसान उठाना पड़ा है, लेकिन इसके बावजूद वह चुनाव लड़ना जारी रखेगा।
इससे पहले राहुल गांधी ने न्यूयॉर्क की कोलंबिया यूनिवर्सिटी में भी एक कार्यक्रम के दौरान चुनाव में ‘वोट चोरी’ और गड़बड़ी का दावा किया था। उनके इन बयानों पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस नेता पर निशाना साधा था।












