
दिल्ली में कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की किताब ‘बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव’ के विमोचन कार्यक्रम में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने परिवार से जुड़े कई निजी और अनसुने किस्से साझा किए। इस दौरान उन्होंने अपने माता-पिता राजीव गांधी और सोनिया गांधी की पहली मुलाकात से लेकर उनके आपसी प्यार, पारिवारिक जीवन और मुश्किल दौर की यादें साझा कीं। राहुल गांधी ने अपनी गर्लफ्रेंड का भी जिक्र किया, जिसके बाद उनके बयान चर्चा का विषय बन गए।
कार्यक्रम में मंच पर पहुंचते ही राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें सख्त निर्देश दिए गए हैं कि कोई राजनीति नहीं करनी है। इसके बाद उन्होंने अपने परिवार से जुड़े ऐसे किस्से सुनाए, जिन्हें सुनकर कार्यक्रम में मौजूद लोग कई बार हंसते नजर आए तो कई मौकों पर माहौल भावुक भी हो गया।
कैम्ब्रिज के रेस्तरां में हुई थी माता-पिता की पहली मुलाकात
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता की पहली मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए कैम्ब्रिज के ‘वर्सिटी रेस्तरां’ का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इसी रेस्तरां में राजीव गांधी और सोनिया गांधी पहली बार मिले थे। कई साल बाद जब वह खुद कैम्ब्रिज में पढ़ाई कर रहे थे, तब अपनी गर्लफ्रेंड को लेकर उसी रेस्तरां में पहुंचे थे।
राहुल गांधी ने बताया कि उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड से कहा था कि वे उस जगह जाना चाहते हैं, जहां उनके माता-पिता पहली बार मिले थे। रेस्तरां में पहुंचने पर उन्हें वहां का पीले रंग का दरवाजा आज भी याद था। उन्होंने वहां मौजूद कर्मचारी को बताया कि उनके माता-पिता इसी जगह मिले थे। कर्मचारी ने जवाब दिया कि वह उन्हें जानता है और समझ गया कि राहुल किन लोगों की बात कर रहे हैं।
राहुल गांधी ने इस दौरान रेस्तरां के खाने से जुड़ा एक मजेदार किस्सा भी सुनाया। उन्होंने बताया कि वहां उन्होंने चिकन शासर मंगाया था, जिसका स्वाद उन्हें बिल्कुल पसंद नहीं आया। मजाकिया अंदाज में उन्होंने कहा कि अगर किसी को प्यार हो जाए और वह वर्सिटी रेस्तरां जाए तो वहां चिकन शासर बिल्कुल न खाए।
राजीव-सोनिया के झगड़े का भी किया जिक्र
राहुल गांधी ने अपने माता-पिता के बीच हुई एक बहस का किस्सा भी साझा किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने और उनकी बहन प्रियंका गांधी ने अपने माता-पिता को कई बार बहस करते देखा था, लेकिन पहली बार दोनों के बीच गंभीर झगड़ा होते देखा था। उस समय पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह भी वहां मौजूद थे।
राहुल ने बताया कि उनके पिता अमरिंदर सिंह से बातचीत कर रहे थे, जबकि उनकी मां अपनी बात रखने की कोशिश कर रही थीं। इस दौरान दोनों के बीच बहस चल रही थी और अमरिंदर सिंह भी समझ गए थे कि राजीव गांधी और सोनिया गांधी के बीच कुछ ठीक नहीं चल रहा है।
माता-पिता के प्यार को याद कर भावुक हुए राहुल गांधी
राहुल गांधी ने अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए बताया कि उनके घर में माता-पिता के बीच बहुत प्यार था। उन्होंने कहा कि भोजन के समय अक्सर उनकी मां उनके पिता की गोद में बैठ जाती थीं। बचपन में उन्हें यह बिल्कुल सामान्य लगता था, लेकिन जब वह अपने दोस्तों के घर जाते थे तो वहां ऐसा माहौल नहीं देखते थे।
उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्तों से पूछते थे कि उनकी मां उनके पिता की गोद में क्यों नहीं बैठती हैं। राहुल गांधी के मुताबिक, उनके माता-पिता के बीच का यह प्यार उनके लिए बचपन की खास यादों में शामिल है।
हालांकि, उन्होंने कहा कि एक समय ऐसा आया जब यह सब अचानक खत्म हो गया। उनके परिवार के दो बड़े सहारे छिन गए। पहले उनकी दादी इंदिरा गांधी की हत्या हुई और बाद में उनके पिता राजीव गांधी की भी हत्या कर दी गई।
इंदिरा और राजीव गांधी की हत्या के बाद बदल गईं सोनिया गांधी
राहुल गांधी ने अपनी मां सोनिया गांधी के जीवन में आए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उनकी मां पहले जैसी नहीं रहीं। उन्होंने बताया कि उनकी मां पहले बहुत खुशमिजाज थीं, मुस्कुराती थीं और लोगों से खूब बातचीत करती थीं। लेकिन इस घटना के बाद उनका स्वभाव बदल गया और वह धीरे-धीरे खुद में सिमटती चली गईं।
राहुल गांधी ने कहा कि लोगों को उनकी मां अंतर्मुखी लग सकती हैं, लेकिन वह पहले ऐसी बिल्कुल नहीं थीं। वह काफी बातचीत करती थीं और लोगों से घुलना-मिलना पसंद करती थीं। उन्होंने कहा कि परिवार पर आई त्रासदियों ने उनकी मां की जिंदगी को पूरी तरह बदल दिया।
पिता की हत्या से जुड़ी यादें आज भी मुश्किल
राहुल गांधी ने बताया कि उनकी मां ने किताब में अपने जीवन के कई महत्वपूर्ण और कठिन अनुभवों को साझा किया है। हालांकि, जब बात राजीव गांधी के निधन के बाद के समय की यादों की आती है तो सोनिया गांधी के लिए उस दौर को याद करना बेहद मुश्किल रहा।
उन्होंने कहा कि किताब में शामिल कई यादों को उनकी मां और बहन प्रियंका गांधी ने मिलकर जुटाया है। राहुल गांधी के मुताबिक, उनके पिता की हत्या के बाद उनकी मां के लिए वह समय बेहद कठिन था। राजीव गांधी के अचानक चले जाने के बाद सोनिया गांधी को अपनी जिंदगी का एक बिल्कुल नया सफर शुरू करना पड़ा।
गौरतलब है कि पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की 31 अक्टूबर 1984 को दिल्ली स्थित उनके आवास पर हत्या कर दी गई थी। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 21 मई 1991 को तमिलनाडु के श्रीपेरंबदूर में आत्मघाती बम धमाके में हत्या हुई थी। सोनिया गांधी की किताब में उनके जीवन के इन्हीं निजी अनुभवों और संघर्षों को जगह दी गई है।












