उत्तराखंड: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक बार फिर मुख्यमंत्री का ताज पुष्कर सिंह धामी के सिर बांधा

1
भाजपा में कई दिनों से मुख्यमंत्री पद को लेकर चल रहा सस्पेंस आज खत्म हो गया। चुनाव हारने के बावजूद पार्टी ने पुष्कर सिंह धामी पर एक बार फिर भरोसा दिखाया है रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री का ताज पुष्कर सिंह धामी के सिर बांधा। और उन्हें उत्तराखंड की कमान सौंपे जाने का फैसला लिया है।
उत्तराखंड में मुख्यमंत्री पद के लिए पुष्कर सिंह धामी के नाम पर भारतीय जनता पार्टी ने मुहर लगा दी है. देहरादून में पार्टी इकाई की बैठक में फैसले के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मीनाक्षी लेखी ने यह घोषणा की. भाजपा विधायक मंडल दल की बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी का नाम सबसे आगे रहा। नए सीएम की रेस में कार्यवाहक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, सतपाल महाराज, पूर्व केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद अनिल बलूनी शामिल थे। राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री पद के लिए पुष्कर सिंह धामी के नाम का ऐलान करते हुए कहा, उत्तराखंड में 6 माह के कार्यकाल में सीएम के रूप में धामी ने अपनी अलग ही छाप छोड़ी है. अब राज्य का दोबारा मुख्यमंत्री बनकर वह बहुआयामी विकास करेंगे।
धामी के हाथ विधानसभा चुनाव में निराशा लगी थी। खटीमा विधानसभा सीट से धामी को करारी हार का सामना करना पड़ा। उन्हें कांग्रेस के भुवन कापड़ी ने छह हजार से ज्यादा वोटों से हराया। उत्तराखंड में भाजपा की बहुमत के साथ जीत हुई। प्रदेश के इतिहास में पहली बार ऐसा होने जा रहा है कि कोई पार्टी लगातार दूसरी बार सरकार बनाएगी। इससे पहले मुख्यमंत्री के नाम को लेकर चल रहे सस्पेंस के बीच रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने अपने आवास पर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की थी. इस बैठक में नई सरकार के गठन पर मंथन हुआ था।