पीएम मोदी कल करेंगे ‘आदि महोत्सव’ का आगाज, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में होगा आयोजन

3

दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 16 से 27 फरवरी तक चलने वाला आदि महोत्सव आदिवासी संस्कृति, शिल्प, व्यंजन, व्यापार और पारंपरिक कला का जश्न है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार (16 फरवरी) को दिल्ली के मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में ‘आदि महोत्सव’ का उद्घाटन करेंगे। 16 से 27 फरवरी 2023 तक चलने वाले इस महोत्सव में 28 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के एक हजार से ज्यादा कलाकार और कारीगर हिस्सा लेंगे। जनजातीय मामलों के मंत्री अर्जुन मुंडा के मुताबिक,आदिवासियों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने औऱ उनकी कला-संस्कृति को पहचान दिलाने के लिए इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।

इस कार्यक्रम में जनजातीय संस्कृति, शिल्प, खान-पान,वाणिज्य और पारंपरिक कला को प्रदर्शित किया जायेगा। जनजातीय समुदायों द्वारा उपजाये अन्न कार्यक्रम का केंद्र-बिंदु होगा।

प्रधानमंत्री देश की जनजातीय आबादी के कल्याण के लिये सदैव आगे बढ़कर कदम उठाते रहे हैं। इसके साथ ही वे देश की उन्नति और विकास में जनजातीय समुदाय के योगदान को उचित सम्मान भी देते रहे हैं। राष्ट्रीय मंच पर जनजातीय संस्कृति को प्रकट करने के प्रयासों के तहत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 16 फरवरी, 2023 को 10:30 प्रातः दिल्ली स्थित मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में “आदि महोत्सव” का उद्घाटन करेंगे।

आदि महोत्सव जनजातीय संस्कृति, शिल्प, खान-पान, वाणिज्य और पारंपरिक कला का उत्सव मनाने वाला कार्यक्रम है। यह जनजातीय कार्य मंत्रालय के अधीन भारतीय जनजातीय सहकारी विपणन विकास महासंघ लिमिटेड (ट्राइफेड) की वार्षिक पहल है। इस वर्ष इसका आयोजन 16 से 27 फरवरी तक दिल्ली के मेजर ध्यान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में किया जा रहा है।

ReadAlso: शक्तिशाली भूकंप से तुर्की और सीरिया में हाहाकार, कई इमारतें मलबे में तब्दील,पीएम मोदी ने बढ़ाया मदद का हाथ

कार्यक्रम में देशभर के जनजातीय समुदायों की समृद्ध और विविधतापूर्ण धरोहर को प्रदर्शित किया जायेगा। इसके लिये आयोजन-स्थल पर 200 से अधिक स्टॉल लगाये जायेंगे। महोत्सव में लगभ एक हजार जनजातीय शिल्पकार हिस्सा लेंगे। वर्ष 2023 से अंतर्राष्ट्रीय पोषक अनाज वर्ष मनाया जा रहा है, जिसके साथ हस्तशिल्प, हथकरघा, मिट्टी के पात्र बनाने की कला, आभूषण कला आदि भी आकर्षण होंगे। महोत्सव में जनजातीय समुदायों द्वारा उपजाये जाने वाले अन्न को केंद्र में रखा गया है।