फ्रांसीसी नौसेना का वारशिप सद्भावना यात्रा पर मुंबई आया, भारतीय युद्धपोत के साथ किया सैन्‍य अभ्यास

0

रक्षा मंत्रालय ने 3 नवंबर 2022 को कहा कि फ्रांसीसी नौसेना का ला फेयेट फ्रिगेट श्रेणी का पोत एकोनिट 28 अक्टूबर से दो नवंबर तक मुंबई की सद्भावना यात्रा पर रहा और इसने एक भारतीय युद्धपोत के साथ सैन्य अभ्यास में भाग लिया. यह पोत कमांडर ज्यां-बर्ट्रेंड गयोन की कमान में है और फ्रांसीसी नौसेना के ला फेयेट श्रेणी के पांच फ्रिगेट्स में से एक है. जहाज ने इससे पहले 2015 में विशाखापत्तनम का दौरा किया था. फ्रांसीसी युद्धपोत शेवेलियर पॉल भी पिछले साल नवंबर में मुंबई में था।

मंत्रालय ने कहा, ‘मुंबई में प्रवास के दौरान, जहाज के चालक दल ने भारतीय नौसेना के कर्मियों के साथ पेशेवर और सामाजिक बातचीत की. यात्रा का समापन भारतीय नौसेना के पश्चिमी बेड़े के युद्धपोत के साथ समुद्र में अभ्यास के साथ हुआ.’ दशकों से, भारत और फ्रांस के बीच रक्षा से संबंधित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग तेजी से बढ़ा है. मंत्रालय ने कहा, “एफएनएस एकोनिट की मुंबई की वर्तमान यात्रा दोनों नौसेनाओं के बीच बढ़ते सहयोग और उनकी बढ़ी हुई अंतर-क्षमता का प्रतिबिंब है. इस क्षेत्र में शांति और स्थिरता के साझा हित के साथ, दोनों नौसेनाएं उस लक्ष्य की दिशा में मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”