गाजियाबाद से छुड़ाई गईं 28 नेपाली लड़कियां…..

3

गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र में पुलिस ने सोमवार को देर शाम एक हाउसिंग सोसाइटी के दो फ्लैटों से 28 लड़कियों को बरामद किया। इन लड़कियों को विदेश में नौकरी दिलाने का झांसा देकर नेपाल व भारत के विभिन्न राज्यों से मानव तस्करी कर लाए जाने की बात सामने आई है। जिन्हे पिछले 3 माह से 2 फ्लैट में बंधक बनाकर रखा गया था। पुलिस ने मौके से ही नेपाली मूल के 5 नागरिकों को भी पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
बता दे कि, दो लड़कियों ने फ्लैट से भाग कर दिल्ली में रहने वाली अपनी एक रिश्तेदार की मदद से गीता कॉलोनी निवासी दंपति को घटनाक्रम की जानकारी दी। इस दंपति ने दिल्ली पुलिस को सूचना दी। दिल्ली से कुछ पुलिसकर्मी दोनों लड़कियों को लेकर थाना इंदिरापुरम पहुंचे। सोमवार की शाम करीब 5 बजे इंदिरापुरम पुलिस न्याय खंड-2 में सृजन विहार सोसाइटी के फ्लैट नंबर सी-5 और डी-5 में पहुंची।जहाँ 28 लड़कियों को बंद कर रखा गया था। पुलिस ने सभी को बंधन मुक्त कराया। आरोप है कि नौकरी दिलाने के नाम पर लड़कियों से देह व्यापार का धंधा कराया जा रहा था। इनसे जिस्म फरोशी कराए जाने की बात सामने नहीं आई है। लड़कियों की काउंसलिंग कराई जा रही है। दिल्ली में बैठा नेपाली मूल का एक व्यक्ति इनका खर्च उठा रहा था उसे भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि लड़कियों से पूछताछ में पाया गया कि एजेंट के जरिये इन्हें यहां लाया गया था। सबको दुबई समेत खाड़ी के अन्य देशों में नौकरी के लिए भेजा जाना था। विदेश भेजने के लिए इनके दस्तावेज तैयार कराए जा रहे थे। मुक्त कराई गई लड़कियों में से कुछ लड़कियां पूर्व में भी खाड़ी के देशों में नौकरी कर चुकी हैं।
एसएसपी वैभव कृष्ण का कहना है कि 28 लड़कियों को 2 फ्लैटों से मुक्त कराया गया है। सभी लड़कियों को मानव तस्करी के लिए लाया गया था। मामले में जांच की जा रही है।