17.6 C
New York
Monday, July 6, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news PM मोदी आज से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के 6 दिवसीय दौरे...

PM मोदी आज से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के 6 दिवसीय दौरे पर, रक्षा-व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर होगी चर्चा

2

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से इंडोनेशिया, ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के छह दिवसीय दौरे पर रवाना हो रहे हैं। 6 से 11 जुलाई तक चलने वाले इस दौरे का उद्देश्य तीनों देशों के साथ द्विपक्षीय संबंधों को नई मजबूती देना और हिंद-प्रशांत (इंडो-पैसिफिक) क्षेत्र में भारत की रणनीतिक भूमिका को और सशक्त करना है। यात्रा के दौरान रक्षा, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश, नई प्रौद्योगिकी, शिक्षा और प्रवासी भारतीयों से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी।

इंडोनेशिया से होगी दौरे की शुरुआत

राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के निमंत्रण पर प्रधानमंत्री मोदी 6 से 8 जुलाई तक जकार्ता और योग्याकार्ता में रहेंगे। वर्ष 2018 में भारत और इंडोनेशिया के रिश्तों को कॉम्प्रिहेंसिव स्ट्रैटेजिक पार्टनरशिप का दर्जा दिया गया था और उसके बाद यह प्रधानमंत्री मोदी की पहली द्विपक्षीय यात्रा है।

इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा, व्यापार, निवेश और क्षेत्रीय मुद्दों पर व्यापक चर्चा करेंगे। दोनों नेता योग्याकार्ता स्थित विश्व प्रसिद्ध प्रम्बानन मंदिर का भी दौरा करेंगे, जिसे भारत और इंडोनेशिया के साझा सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंधों का प्रतीक माना जाता है। प्रधानमंत्री वहां भारतीय समुदाय को भी संबोधित करेंगे।

ऑस्ट्रेलिया में रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

इंडोनेशिया के बाद प्रधानमंत्री मोदी ऑस्ट्रेलिया के मेलबर्न पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज़ से होगी। दोनों नेताओं के बीच व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत बनाने पर चर्चा होगी। वार्ता के दौरान रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश, शिक्षा, कौशल विकास, मोबिलिटी, क्रिटिकल और इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, खेल तथा स्पोर्ट्स साइंस जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर विशेष जोर रहेगा। मेलबर्न में प्रधानमंत्री भारतीय समुदाय के एक बड़े कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

भारत और ऑस्ट्रेलिया पिछले कुछ वर्षों में रक्षा सहयोग, समुद्री सुरक्षा और इंडो-पैसिफिक रणनीति के प्रमुख साझेदार बनकर उभरे हैं। ऐसे में इस यात्रा को दोनों देशों के संबंधों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

न्यूजीलैंड में आर्थिक सहयोग पर होगी चर्चा

दौरे के अंतिम चरण में प्रधानमंत्री मोदी न्यूजीलैंड के ऑकलैंड पहुंचेंगे, जहां उनकी मुलाकात प्रधानमंत्री क्रिस्टोफर लक्सन से होगी। मार्च 2025 में लक्सन की भारत यात्रा के बाद दोनों देशों के संबंधों में आई गति को आगे बढ़ाने पर इस बैठक का फोकस रहेगा।

बैठक में व्यापार, निवेश, आर्थिक सहयोग और दोनों देशों के बीच हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) के क्रियान्वयन सहित कई अहम विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। प्रधानमंत्री ऑकलैंड में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम को भी संबोधित करेंगे।

रवाना होने से पहले PM मोदी का बयान

दौरे पर रवाना होने से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत और इंडोनेशिया के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक और जनसंपर्क के संबंध हैं, जबकि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के साथ भारत की साझेदारी लगातार नई ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह यात्रा तीनों देशों के साथ सहयोग को और मजबूत करेगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि यह दौरा भारत की ‘एक्ट ईस्ट’ नीति, ‘महासागर (MAHASAGAR) विजन’ और मुक्त, समावेशी तथा नियम-आधारित इंडो-पैसिफिक क्षेत्र के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूती देगा।

कूटनीतिक नजरिए से अहम है दौरा

विशेषज्ञों के अनुसार, यह यात्रा भारत की इंडो-पैसिफिक रणनीति को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। एक ओर भारत इंडोनेशिया के साथ रणनीतिक और समुद्री सहयोग को नई गति देगा, वहीं ऑस्ट्रेलिया के साथ रक्षा और प्रौद्योगिकी साझेदारी को और मजबूत करने की कोशिश करेगा। दूसरी ओर न्यूजीलैंड के साथ आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को नई दिशा देने पर जोर रहेगा।

लगातार तीन प्रमुख लोकतांत्रिक इंडो-पैसिफिक देशों की इस यात्रा के जरिए भारत यह संदेश भी देगा कि क्षेत्रीय स्थिरता, आर्थिक सहयोग और नियम-आधारित वैश्विक व्यवस्था को मजबूत करने में उसकी भूमिका लगातार बढ़ रही है।