
राजधानी दिल्ली में प्रदूषण का स्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के शनिवार सुबह 7 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) गंभीर श्रेणी में पहुंच गया। नॉर्थ कैंपस में AQI 421 दर्ज किया गया, जबकि आईआईटी दिल्ली में 419, आईटीओ में 415 और बुराड़ी क्रॉसिंग में 410 रहा। हवा में PM10 और PM2.5 प्रमुख प्रदूषक बने हुए हैं।
चांदनी चौक में AQI 392, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में 390 और आनंद विहार में 379 दर्ज किया गया। वहीं छावला में यह 352 रहा। कनॉट प्लेस के इनर और आउटर सर्कल में AQI 326 और मैदानगढ़ी में 300 दर्ज किया गया।
प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने 6 नवंबर को दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) का तीसरा चरण लागू किया था। इसके तहत प्रदूषण कम करने के लिए कई पाबंदियां और उपाय किए जा रहे हैं। दिल्ली सरकार की ओर से भी अलग-अलग इलाकों में पानी के छिड़काव के लिए स्प्रिंकलर तैनात किए गए हैं।
दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने बुधवार को बताया था कि आईआईटी कानपुर की निगरानी में क्लाउड सीडिंग के परीक्षण किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा था कि अध्ययन पूरा होने और सकारात्मक नतीजे मिलने के बाद इसके इस्तेमाल और संभावित बारिश को लेकर जानकारी साझा की जाएगी।
इस बीच आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर भाजपा सरकार और CPCB के आंकड़ों पर सवाल उठाए हैं। आप नेता सौरभ भारद्वाज ने CREA की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए दावा किया कि दिवाली के बाद दिल्ली में प्रदूषण का वास्तविक स्तर सरकारी आंकड़ों में दिखाए गए स्तर से 49 प्रतिशत अधिक था।
ANI से बातचीत में भारद्वाज ने आरोप लगाया कि प्रदूषण के आंकड़ों को कम करके दिखाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यदि AQI 370 दिखाया जा रहा है, तो वास्तविक स्तर 560 या उससे अधिक हो सकता है। उन्होंने CPCB पर आंकड़ों को सही तरीके से पेश नहीं करने का आरोप भी लगाया। भारद्वाज के अनुसार, जब प्रदूषण का स्तर 999 से ऊपर पहुंचता है, तो उसे मापने और प्रदर्शित करने में तकनीकी सीमा सामने आती है। हालांकि, ये उनके आरोप हैं।
दिल्ली के मुकाबले मुंबई में हवा की गुणवत्ता बेहतर दर्ज की गई। CPCB के अनुसार, 14 नवंबर की सुबह 7 बजे मुंबई के वडाला इलाके में AQI 80 रहा, जो संतोषजनक श्रेणी में आता है। वहीं दिल्ली के कनॉट प्लेस में सुबह 6:05 बजे AQI 326 दर्ज किया गया था।













