
जैसे ही गर्मी का मौसम शुरू होता है, लोगों के सामने सबसे बड़ी समस्या बन जाती है डिहाइड्रेशन और ज्यादा पसीना। खासकर रोजाना ऑफिस जाने वाले लोगों के लिए यह परेशानी और बढ़ जाती है। तेज धूप, गर्म हवाएं और लंबा सफर शरीर की एनर्जी को खत्म कर देता है। ऐसे में सिर्फ पानी पीना काफी नहीं होता, बल्कि शरीर को अंदर से ठंडा रखने और जरूरी पोषक तत्व देने वाले हेल्दी ड्रिंक्स की भी जरूरत होती है।
आरोग्य डाइट और न्यूट्रिशन क्लीनिक की डाइटिशियन डॉ. सुगीता मुटरेजा के अनुसार, अगर आप रोज ऑफिस पहुंचते-पहुंचते थक जाते हैं और पसीने से बेहाल हो जाते हैं, तो अपनी डाइट में कुछ खास देसी ड्रिंक्स शामिल करना बेहद फायदेमंद हो सकता है।
- नींबू पानी
सबसे आसान और असरदार विकल्प है नींबू पानी। इसमें मौजूद विटामिन C शरीर को तुरंत ताजगी देता है और इलेक्ट्रोलाइट्स का संतुलन बनाए रखता है। सुबह घर से निकलते समय एक बोतल नींबू पानी साथ रखने से रास्ते में होने वाली थकान काफी हद तक कम हो सकती है।
- नारियल पानी
इसके अलावा नारियल पानी भी गर्मी में किसी वरदान से कम नहीं है। इसमें मौजूद नेचुरल इलेक्ट्रोलाइट्स, पोटैशियम और मिनरल्स शरीर को हाइड्रेट रखते हैं और तुरंत ऊर्जा प्रदान करते हैं। नियमित सेवन से शरीर में पानी की कमी नहीं होती।
- छाछ
गर्मियों में छाछका सेवन भी बेहद फायदेमंद माना जाता है। यह न केवल शरीर को ठंडक देता है, बल्कि पाचन तंत्र को भी मजबूत बनाता है। छाछ में मौजूद प्रोबायोटिक्स पेट को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। दही, नमक और भुने जीरे के साथ बनी छाछ स्वाद और सेहत दोनों के लिए बेहतरीन है।
- आम पन्ना
वहीं, पारंपरिक पेय आम पन्ना गर्मी और लू से बचाने में काफी कारगर है। कच्चे आम से बना यह ड्रिंक शरीर के तापमान को संतुलित रखता है और जरूरी विटामिन्स व मिनरल्स की पूर्ति करता है। तेज गर्मी में यह शरीर को अंदर से ठंडा रखने में मदद करता है।
- सत्तू ड्रिंक
इन सबके अलावा सत्तू ड्रिंक को भी गर्मियों का सुपरफूड माना जाता है। सत्तू का पानी शरीर को लंबे समय तक हाइड्रेटेड रखता है और ठंडक बनाए रखता है। ऑफिस जाते समय इसे साथ ले जाना एक स्मार्ट और हेल्दी विकल्प हो सकता है।
अगर आप गर्मियों में रोज ऑफिस जाते हैं और थकान, पसीना या डिहाइड्रेशन से परेशान रहते हैं, तो इन 5 देसी ड्रिंक्स को अपनी दिनचर्या में शामिल करना आपके लिए गेम चेंजर साबित हो सकता है। ये न केवल शरीर को ठंडा रखते हैं, बल्कि दिनभर एनर्जेटिक बनाए रखने में भी मदद करते हैं।













