
केरल में शशि थरूर के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। इस घटना में उनके गनमैन और ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है, जबकि बाकी की तलाश जारी है।
जाम के दौरान हुआ हमला
पुलिस के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे वंडूर के चेलिथोडे इलाके में हुई। उस समय थरूर एक चुनावी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। रास्ते में पुल के पास सड़क संकरी होने की वजह से जाम लग गया था। इसी दौरान दो गाड़ियों में सवार पांच लोगों ने थरूर के काफिले को रोक लिया। एफआईआर के अनुसार, जब गनमैन रतीश के पी ने आगे खड़ी गाड़ी हटाने को कहा, तो आरोपियों ने गनमैन और ड्राइवर पर हमला कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया केस
गनमैन की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। एक आरोपी को देर रात हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की पहचान कर ली गई है और जल्द गिरफ्तारी की बात कही जा रही है।
थरूर बोले—‘हम सुरक्षित हैं’
घटना के बाद शशि थरूर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर बताया कि उनका सिक्योरिटी गार्ड अब ठीक है और उन्हें कोई नुकसान नहीं हुआ। उन्होंने चिंता जताने वालों का धन्यवाद भी किया और कहा कि उन्होंने तय कार्यक्रम के अनुसार अपने बाकी इवेंट भी पूरे किए।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह जानने की कोशिश की जा रही है।













