
चंडीगढ़ से बुधवार को एक बड़ी और चिंताजनक खबर सामने आई है। सेक्टर 37 स्थित भारतीय जनता पार्टी के दफ्तर के बाहर जोरदार धमाका हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, BJP दफ्तर के पास स्थित ब्लड बैंक की पार्किंग में खड़ी एक एक्टिवा स्कूटी में विस्फोट हुआ। धमाके के बाद आसपास खड़ी कई गाड़ियों के शीशे टूट गए, वहीं दफ्तर की दीवार पर 70 से 80 छर्रों जैसे निशान पाए गए हैं।
इस घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें एक व्यक्ति ग्रेनेड की पिन निकालकर उसे फेंकते हुए और वहां से भागते हुए दिखाई दे रहा है। इस हमले की जिम्मेदारी सुखजिंदर सिंह बब्बर ने ली है। उसने एक संदेश जारी कर इस वारदात को अंजाम देने की बात कही और धमकी भरे बयान भी दिए हैं।
मामले पर SSP कंवरदीप कौर ने बताया कि शुरुआती जांच में यह किसी क्रूड बम जैसा विस्फोट प्रतीत हो रहा है। हालांकि यह बम वहां रखा गया था या फेंका गया, इसकी जांच अभी जारी है। धमाका शाम करीब 5 बजे हुआ और CFSL की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है।
वहीं BJP प्रवक्ता आरपी सिंह ने इस घटना को बेहद गंभीर और चिंताजनक बताया। उन्होंने कहा कि 15 दिन पहले ही खतरे की आशंका जताई गई थी, जिसे नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। फिलहाल पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां हर एंगल से जांच कर रही हैं और पूरे इलाके में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है।













