17.6 C
New York
Tuesday, April 14, 2026
spot_imgspot_imgspot_imgspot_img
Home news एक दशक बाद फर शुरू हुई मुनस्यारी के लिए बस सेवा

एक दशक बाद फर शुरू हुई मुनस्यारी के लिए बस सेवा

44

यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कुमाऊं मोटर्स ऑनर्स यूनियन (केमू) ने हल्द्वानी से मुनस्यारी के लिए सीधी बस सेवा शुरू कर दी है। इस बस सेवा का किराया ₹640 रखा गया है, जिससे यात्रियों को महंगी टैक्सी सेवाओं का सहारा नहीं लेना पड़ेगा।

एक दशक बाद फिर शुरू हुई बस सेवा 

करीब 10 साल पहले तक हल्द्वानी से मुनस्यारी के लिए केमू की बस सेवा संचालित होती थी, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया। इसके चलते यात्रियों को टैक्सी से सफर करने पर मजबूर होना पड़ता था, जिससे उनका किराया भी बढ़ जाता था। अब इस सेवा के फिर से शुरू होने से यात्रियों को राहत मिलेगी।

केमू पिथौरागढ़ के इंचार्ज अशोक चौहान ने बताया कि यह सेवा गुरुवार से शुरू कर दी गई है। बस हर दिन सुबह 5 बजे हल्द्वानी से रवाना होगी और सेराघाट, बेड़ीनाग, थल, नाचनी होते हुए मुनस्यारी पहुंचेगी।
मुनस्यारी पहुंचने के बाद, अगले दिन सुबह 5 बजे यह बस वापस हल्द्वानी के लिए प्रस्थान करेगी। इससे नाचनी, थल, बेड़ीनाग, गणाईगंगोली, सेराघाट होते हुए अल्मोड़ा और हल्द्वानी जाने वाले यात्रियों को सीधी बस सेवा का लाभ मिलेगा। चौहान ने बताया कि फिलहाल केमू पिथौरागढ़ से ग्वालदम, रामनगर, हल्द्वानी और गंगोलीहाट जैसे स्थानों के लिए 6 बसों का संचालन कर रहा है।

मुनस्यारी के सामाजिक कार्यकर्ताओं श्रीराम सिंह धर्मशक्तू, जगत मर्तोलिया, इंद्रा देवी और विक्रम सिंह पांगती ने इस बस सेवा के शुरू होने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह सेवा स्थानीय लोगों और यात्रियों के लिए बेहद फायदेमंद साबित होगी, क्योंकि अब उन्हें कम किराए में सफर की सुविधा मिलेगी।